बड़गांव (सहारनपुर)। शहीद जयद्रथ के नाम पर रविवार को सांसद राघव लखनपाल शर्मा ने गांव भगवानपुर में शहीद द्वार की नींव रखकर निर्माण का शुभारंभ किया। इस दौरान सांसद ने कहा कि शहीदों को भूलाया नहीं जा सकता। आने वाली पीढ़ी भी शहीद जयद्रथ से राष्ट्र सेवा की प्रेरणा लेगी।
रामपुर विधायक देवेंद्र निम ने कहा कि सांसद व राज्य सरकार के प्रयासों से जहां शहीद द्वार का निर्माण कर जयद्रथ को सच्ची श्रद्धांजलि है, वहीं शहीद के नाम पर गांव में हिंडन नदी पर पुल का निर्माण कराया जाएगा। डीएम पीके पांडेय ने जयद्रथ की शहादत को नमन करते कहा कि धन की व्यवस्था कराने में शहीद द्वार के निर्माण में विलंब हुआ, लेकिन अब तय समय सीमा में द्वार का निर्माण कराए जाने की आवश्यकता है।
इस दौरान सीडीओ संजीव रंजन, शहीद के पिता जसबीर सिंह, कान सिंह सहित क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे। ग्रामीणों जनप्रतिनिधि व अधिकारियों से गांव पानी की टंकी व सीसी सड़के सहित गांव राजस्व का दर्जा देने की मांग की।