दीनी तालीमी बोर्ड चलाएगा शिक्षा जागरूकता अभियान: मोहतमिम
घर घर तक तालीम पहुंचाने के लिए 21 सदस्यीय कमेटी का गठन
अप्रैल माह से देशभर में आरंभ होगा अभियान
फोटो संख्या 4
अमर उजाला ब्यूरो
देवबंद (सहारनपुर)। विश्वविख्यात इस्लामिक शिक्षण संस्था दारुल उलूम के मोहतमिम व दीनी तालीमी बोर्ड के अध्यक्ष मौलाना मुफ्ती अबुल कासिम नोमानी बनारसी ने कहा कि दीनी तालीम को घर घर तक पहुंचाने के लिए अप्रैल माह से दस दिवसीय शिक्षा जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। जिसमें दारुल उलूम और जमीयत उलमा-ए-हिंद से जुड़े लोग देश के कोने कोने में इस अभियान को सफल बनाएंगे।
कोलकाता में हुई दीनी तालीमी बोर्ड की बैठक से लौटे मोहतमिम ने रविवार को कहा कि मदरसों और मकातिबों से जुड़े लोगों को चाहिए कि वे घर घर जाकर दीनी तालीम के बारे में लोगों को जागरूक करें और बच्चों को तालीम की तरफ ले जाने का आह्वान करें। कहा कि इस्लाम में बच्चों को शिक्षित करने की जिम्मेदारी माता पिता पर रखी गई है। इसलिए उनका फर्ज बनता है कि वह बच्चों को तालीम दिलाकर उनके भविष्य को उज्ज्वल करें। मौलाना बनारसी ने कहा कि तालीम को घर घर तक पहुंचाने की जिम्मेदारी किसी एक संगठन की नहीं है, बल्कि सभी लोगों को चाहिए कि वह इसका महत्व समझे और लोगों को इसके प्रति जागरूक करें। साथ ही बताया कि बैठक में विचार विमर्श के बाद यह निर्णय लिया गया कि आगामी अप्रैल माह से बड़े पैमाने पर देशभर में शिक्षा जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। जिसके लिए 21 सदस्यीय कमेटी का गठन भी किया गया है जो, इसके लिए रणनीति तैयार करेगी और सभी एकजुट होकर इस पर काम करेंगे।