स्वेटर वितरण के लिए कम राशि जारी होने पर शिक्षक भड़के
सहारनपुर। परिषदीय प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों के बच्चों को दिए जाने वाले स्वेटर को लेकर शिक्षक सड़क पर उतर आए हैं। विशिष्ट बीटीसी शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन ने शुक्रवार को धरना देकर विरोध जताया। शिक्षकों की नाराजगी की वजह स्वेटर के लिए जारी धनराशि है, जो बेहद कम है। शिक्षकों का कहना है कि मात्र 200 रुपये में स्वेटर खरीद पाना किसी के भी लिए संभव नहीं है। ऐसे में स्वेटर की धनराशि बढ़ाई जाए।
विशिष्ट बीटीसी शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन के धरने पर जिलाध्यक्ष राजकुमार ने कहा कि शासन के पास 280 और 350 रुपये तक में स्वेटर वितरण करने का टेंडर लेने कोई कंपनी नहीं पहुंची है। इसके बावजूद शासन ने प्रत्येक बच्चे के स्वेटर के लिए 200 रुपये जारी किए हैं, जिनमें गुणवत्ता वाला स्वेटर खरीद पाना संभव नहीं है। सरकार का यह तुगलकी फरमान है, जिसका विरोध किया जा रहा है। उन्होंने स्वेटर की निर्धारित कीमत में संशोधन करने की मांग की, जिससे बच्चों को अच्छी गुणवत्ता का स्वेटर उपलब्ध कराया जा सके। संगठन की ओर से डीएम पीके पांडेय को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम का ज्ञापन सौंपा गया। जिसमें स्वेटर के लिए निर्धारित 200 रुपये को बढ़ाने की मांग की, जिससे बच्चों को गुणवत्ता वाला स्वेटर उपलब्ध कराया जा सके। धरने में जिला महामंत्री डॉ. अनिल बावरे, जिला कोषाध्यक्ष ग्यासुर रहमान असद, संदीप खटाना, उमेश, अनिल तोमर, योगेंद्र, अरुण, अहतेशाम, अनुज गुप्ता, उस्मान, राजेश, विनोद, मनोज सैनी, वीरपाल, पंकज, जोगेंद्र, प्राची बब्बर, बबीता, पवन, शिवराज, अनिता, सुनीता, बालेश, नीतू, इंदिरा आदि मौजूद रहीं।
स्वेटर के अभाव में ठिठुर रहे नौनिहाल
शासन द्वारा स्वेटर के लिए कम धनराशि निर्धारित करने की वजह से स्कूलों में अभी तक स्वेटर का वितरण नहीं हो सका है। इससे सबसे अधिक नौनिहाल प्रभावित हो रहे हैं, जिनमें से ज्यादातर बिना स्वेटर के स्कूल पहुंच रहे हैं। इससे उनकी सेहत बिगड़ने का खतरा बना हुआ है। शिक्षकों ने प्रदेश सरकार से धरातल पर उतरकर स्वेटर का बजट तैयार करने की मांग की है।
व्