सहारनपुर। शहर में अवैध कॉलोनियां काटने और अवैध निर्माण रुकने का नाम नहीं ले रहा है। विकास प्राधिकरण की टीम ने चिलकाना रोड पर अवैध रूप से काटी गई कॉलोनी में पहुंचकर निर्माण ध्वस्त कराया।
चिलकाना रोड पर गांव हलालपुर के पीछे बनी बड़ी मस्जिद के पास करीब 30 बीघा जमीन पर अवैध रूप से कॉलोनी काटी जा रही है। कॉलोनाइजर ने एक फुट ऊंची दीवार और ईंटों से सड़क बनाई हुई थी। विकास प्राधिकरण ने कॉलोनाइजर को नोटिस जारी कर निर्माण को ध्वस्त कराने को कहा था। मगर कॉलोनाइजर ने प्राधिकरण के नोटिस को गंभीरता से नहीं लिया। ऐसे में मंगलवार को विकास प्राधिकरण की टीम जेसीबी लेकर पहुंची। जेसीबी से दीवार और ईंटों से बनी सड़क को ध्वस्त किया।प्राधिकरण की टीम पुलिस को साथ लेकर पहुंची थी। ऐसे में कोई विरोध नहीं हुआ। प्राधिकरण के सचिव सत्यप्रकाश शर्मा ने ध्वस्तीकरण की पुष्टि की।