नानौता (सहारनपुर)। किसान सहकारी चीनी मिल में जीएम का घेराव करते हुए भरतीय किसान संगठन के पदाधिकारियों व क्षेत्र के दर्जनों किसानों ने जमकर हंगामा किया। आरोप लगाया कि चीनी मिल द्वारा किसानों का गन्ना भुगतान नहीं किया गया है। इसके साथ ही चीनी मिल द्वारा किसानों को दी जाने वाली दवाईयों की गुणवत्ता बहुत ही घटिया है।
मंगलवार की दोपहर किसान सहकारी चीनी मिल पहुंचे भारतीय किसान संगठन के पदाधिकारियों ने चीनी मिल जीएम एसडी सिंह का घेराव कर कहा कि चीनी मिल द्वारा गन्ना के बकाया का भुगतान अभी तक नहीं किया है। चीनी मिल द्वारा अरली प्रजाति के गन्ने की पर्ची को चालू कर दिया गया है जबकि सामान्य प्रजाति के गन्ने का उत्पादन करने वाले किसानों को गन्ने की पर्चियां नहीं मिल पा रही है। उन्होंने जीएम से जल्द से जल्द सामान्य प्रजाति के गन्ने के लिए पर्चियां शुरू किए जाने की मांग की। घेराव के दौरान किसानों ने आरोप लगाया कि चीनी मिल द्वारा दिए जा रहे कीटनाशकों की गुणवत्ता बहुत ही खराब है जिसके कारण उसके खरपतवार व कीटनाशकों पर कोई असर नहीं होता है। उन्होंने चीनी मिल अधिकारी से घटतौली संबंधी सहित अन्य समस्याओं में सुधार किए जाने की भी मांग की। कहा कि चीनी मिल से किसी भी प्रजाति के गन्ने की ट्राली को वापस नहीं भेजा जाना चाहिए। यदि कोई किसान रिजेक्ट प्रजाति का गन्ना ले भी आता है तो उसे रिजेक्ट की श्रेणी में रखते हुए उसका उपाय किया जाना चाहिए। इस दौरान किसान संगठन के पदाधिकारी गौरव राणा, जिलाध्यक्ष ठा. अजब सिंह, यशपाल सिंह, राजबीर सिंह, नेत्रपाल सिंह, मांगेराम, नरेश, ओमप्रकाश, दीपक, कृष्णपाल सिंह, कुलदीप सिंह, तिरसपाल, अंशुल राणा, शुभम राणा, राजीव राणा, दिनेश राणा, श्रवण कुमार, प्रवीन्द्र राणा, अंकित कुमार, राज सिंह आदि रहे।