नकुड़ में दूसरे दिन भी दाखिल नहीं नामांकन
नकुड़ (सहारनपुर)। नगर निकाय चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया के दूसरे दिन भी तहसील क्षेत्र के पांचों नगर निकायों में एक नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया गया है। रविवार को अध्यक्ष पद के सात और सदस्य पद के लिए कुल 89 नामांकन पत्र लिए गए।
तहसील नकुड़ में चल रही नगर निकाय चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया के दूसरे दिन अध्यक्ष पद के लिए सबसे अधिक अंबेहटा से निर्मला देवी, रशीदा खातून, खुशनसीब एवं सपना देवी ने नामांकन पत्र लिए हैं तथा सदस्य के लिए यहां से कुल 19 लोगों ने नामांकन पत्र लिए। इसके अलावा गंगोह से अध्यक्ष पद के लिए कौशल देवी ने एकमात्र नामांकन पत्र लिया है जबकि गंगोह से ही सदस्य के लिए 33 लोगों ने पर्चे लिए हैं। वहीं, नकुड़ से पूर्व चेयरमैन खालिद खान ने अध्यक्ष पद के लिए नामांकन पत्र हासिल किया जबकि 18 लोगों ने सदस्य के लिए नामांकन पत्र लिए हैं। सरसावा में अध्यक्ष पद के लिए एक तथा सदस्य के लिए 18 लोगों ने नामांकन पत्र लिए हैं जबकि तीतरों से केवल एक नामांकन पत्र सदस्य पद के लिए लिया गया है। नामांकन प्रक्रिया के दौरान तहसील कार्यालय के इर्द-गिर्द सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद रही। एसपी देहात विद्यासागर मिश्र ने तहसील कार्यालय में नामांकन प्रक्रिया के लिए बनाए गए सभी कक्षों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।