देवबंद (सहारनपुर)। बिहार किशनगंज के कांग्रेस पार्टी के नेता मौलाना मशकूर अहमद ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ने देश को भेदभाव और अराजकता की आग में झोंककर हिंदु मुस्लिम एकता को चकनाचूर करने का काम किया है।
किशनगंज के मदरसा छात्रों की संथा तंजीम मरकज औलिया के बृहस्पतिवार की रात्रि कासिमपुरा मार्ग स्थित अल आकिफा पैलेस में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि मौलाना मशकूर अहमद ने कहा कि वर्तमान में देश के जो हालत हैं वे किसी से छिपे नहीं हैं। अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। सांप्रदायिक मानसिकता को बढ़ावा दिया जा रहा है। गलत फैसले लेने के चलते अर्थव्यवस्था में ऐतिहासिक गिरावट आ चुकी है। ऐसे हालात में देश की जनता को चाहिए कि वह समझदारी से काम लेकर देश को नफरत की आग में झोंकने वालों को सबक सिखाएं। उन्होंने कहा कि बिहार में उन्होंने नीतीश कुमार की पार्टी के लिए जी तोड़ मेहनत की और कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां भी निभाई, लेकिन नीतीश कुमार ने भाजपा से हाथ मिलाकर बिहार की जनता के साथ विश्वासघात किया। जिससे त्रस्त होकर उन्होंने कांग्रेस पार्टी का दामन थाम लिया। उन्होंने मदरसा छात्रों से आह्वान किया कि वह देश को तोड़ने वाली शक्तियों को खत्म करने के लिए कांग्रेस पार्टी को मजबूत करने का काम करें। इस मौके पर मौलाना रफी दीन कासमी, मौलाना शकील अहमद कासमी, हाफिज मोहम्मद इकराम, मौलाना तमीर अहमद कासमी, मौलाना नजीफ अहमद कासमी आदि मौजूद रहे।