सहारनपुर। मंडलायुक्त दीपक अग्रवाल ने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस पर आने वाली शिकायतों का अधिकारी त्वरित निस्तारण करें। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में गुणवत्ता का ध्यान रखा जाए। शिकायतों के संबंध में किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी।
बुधवार को मंडलायुक्त सदर तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस पर जनता की शिकायतों को सुनते हुए यह कहा कि कुछ विभाग जन शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बरतते हैं। शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बरतने वालों के विरुद्ध अब कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कब्जे की शिकायतों को गंभीरता से लिया जाए। बार-बार कब्जा करने वाले भू माफियाओं को चिन्हित कर उनके विरुद्ध कठोर धाराओं में कार्रवाई की जाए। पुलिस उप महानिरीक्षक सुनील इमैनुएल ने कहा कि पुलिस से संबंधित शिकायतों को अधिकारी गंभीरता से लें। उन्होंने कहा कि थानों में पुलिस अधिकारी पीड़ित से अच्छा व्यवहार करें, जिससे पुलिस की छवि पर प्रतिकूल असर ना पड़े। इस अवसर पर नगर निगम की 6, राजस्व विभाग की 9, पुलिस की 4, विकास विभाग की 6, खाद्य आपूर्ति की दो, लोक निर्माण विभाग, स्वास्थ्य, नलकूप, विद्युत, नगर पंचायत चिलकाना की एक-एक कुल 32 शिकायतें प्राप्त हुई। अधिकारियों को तत्काल शिकायताें के निस्तारण के आदेश दिए गए। इस अवसर पर तहसील के सभी अधिकारी व कर्मी मौजूद थे।