अवैध कब्जे हटवाने के अभियान को तेज करने के निर्देश
रामपुर मनिहारान (सहारनपुर)। प्रदेश सरकार के आदेश पर तहसील प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे अवैध कब्जा हटाओ अभियान के तहत अब तक कुल 1993 अवैध कब्जों में से एक सौ कब्जे पुलिस बल के साथ हटा दिए गए हैं। अभियान को गति देने के लिए मंगलवार को तहसील परिसर में एसडीएम ने लेखपालों एवं ग्राम पंचायत सचिवों की जमकर क्लास ली।
रामपुर मनिहारान तहसील में कुल 1993 अवैध कब्जे चिह्नित किए गए हैं। इसमें अब तक 305 अवैध कब्जा धारकों के खिलाफ धारा 67 के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई जा चुकी है। अभियान के तहत एक सौ कब्जों को मुक्त कराया जा चुका है। तहसील प्रशासन द्वारा अवैध कब्जों को हटाए जाने की धीमी गति पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। एसडीएम राकेश कुमार गुप्ता ने कहा कि बाकी बचे अवैध कब्जों को चरणबद्ध तरीके से तेजी के साथ हटाया जाए। इस कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बैठक में लेखपालों ने भी अपनी समस्याओं को उठाते हुए मांग की कि कब्जा हटाए जाने के दौरान उन्हें पर्याप्त पुलिस बल मुहैया कराया जाए। एसडीएम ने कहा कि यदि कहीं पर अवैध कब्जा हटाए जाने में बाधा पैदा हो रही है तो उसके लिए अलग से पुलिस बल भेजा जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी व्यक्ति ने अवैध कब्जा पर पक्का निर्माण कर लिया है और वह गरीब व्यक्ति है उसके पास रहने के लिए अन्य कोई जगह नहीं है। उसका कब्जा नहीं हटाया जाएगा। तहसीलदार रमेश कुमार, खंड विकास अधिकारी डा. सौरभ राजपूत, नायब तहसीलदार चंद्रकांता आदि रहे।