देवबंद (सहारनपुर)। खंड विकास कार्यालय सभागार में मंगलवार को तहसील दिवस में अधिकारियों के समक्ष 76 फरियादियों ने अपनी शिकायत दर्ज कराई। जिनमें से 11 शिकायतों का ही मौके पर निस्तारण किया गया।
एडीएमई एसके दूबे की अध्यक्षता में तहसील दिवस में चकबंदी, विद्युत विभाग, पुलिस, खाद्य आपूर्ति तथा तहसील समेत अन्य विभागों की शिकायतें दर्ज हुईं। एडीएम ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित निस्तारण को निर्देशित किया। दूबे ने कहा कि लंबित शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आम आदमी पार्टी के संस्थापक सदस्य रमेश त्यागी ने तहसील दिवस में दर्ज शिकायती पत्र में बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सर्वोच्च प्राथमिकता वाले गड्ढा मुक्त सड़क अभियान को पलीता लगाने वाले पीडब्लूडी के भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। उन्होंने देवबंद को अतिक्रमण मुक्त कराने, बिजली चोरी रोकने, लाइसेंस के बगैर चल रहे मीट व्यापार पर अंकुश लगाने तथा चोरी का सामान खरीदने में संलिप्त कबाड़ियों की जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है। इस मौके पर एसपी देहात विद्यासागर मिश्रा, एसडीएम रामविलास यादव, तहसीलदार परमानंद झा, सीओ सिद्धार्थ सिंह, कोतवाल पंकज त्यागी, बीडीओ अमरीश कुमार आदि मौजूद रहे।