किसान दिवस में उठी बकाया गन्ना भुगतान की मांग
सहारनपुर। किसान दिवस पर सोमवार को किसानों ने बकाया गन्ना भुगतान सहित अन्य समस्याओं को उठाया। उन्होंने प्रदेश सरकार की योजनाओं को जमीनी स्तर पर लागू करने सहित अन्य मांग की।
सोमवार को विकास भवन सभागार में आयोजित किसान दिवस पर कृषि से संबंधित सभी विभागों के अधिकारियों ने भागेदारी की। किसानों ने फसली ऋण माफ करना, गन्ने के रेट 500 रुपये कुंतल कराने, बकाया गन्ना मूल्य भुगतान जल्द कराने सहित अन्य मांगें की। उन्होंने कहा कि शस्त्रों के लाइसेंस का नवीनीकरण 10 वर्ष में एक बार करने की व्यवस्था की जाए। प्रमोद कुमार प्रधान ने भूमि अधिग्रहण में उचित मुआवजा दिलाने और ऋण माफी योजना की पूरी जानकारी देने की मांग की। नन्दी फिरोजपुर के सेठपाल ने लोक निर्माण विभाग द्वारा भूमि अधिग्रहण का डबल मुआवजा देने की जांच करने की मांग की। वहीं के ही ब्रहमपाल ने खसरा नंबर 100 को कब्जा मुक्त कराने की मांग की। ग्राम साढ़ौली हरिया के किसान नेता साकेश चौधरी ने यूपी डास्प द्वारा बांटे गए उर्द के बीज की शिकायत की और बकाया गन्ना मूल्य भुगतान जल्द कराने की मांग की। अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी पीके पांडे ने सभी अधिकारियों को किसान दिवस में प्राप्त समस्याओं के निस्तारण के निर्देश दिए। मुख्य विकास अधिकारी संजीव रंजन, जिला उद्यान अधिकारी अरुण कुमार, केवीके के प्रभारी डॉ. सत्यप्रकाश, सह निदेशक डॉ. आईके कुशवाहा, वरिष्ठ वैज्ञानिक विकास मलिक, उप निदेशक कृषि राजीव कुमार, भूमि संरक्षण अधिकारी रामजतन मिश्रा आदि ने भी विचार रखे।