ममता बनर्जी का पुतला फूंका
देवबंद (सहारनपुर)। पश्चिम बंगाल में हिंदुओं के उत्पीड़न एवं अत्याचार के विरोध में मंगलवार को हिंदू जागरण मंच ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का पुतला फूंककर रोष जताया। साथ ही राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजकर पश्चिम बंगाल सरकार को बर्खास्त करने की मांग की गई।
सहारनपुर-मुजफ्फरनगर मार्ग पर पुतला दहन करने से पूर्व संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि पश्चिम बंगाल में असामाजिक तत्वों द्वारा हिंदू समाज पर लूटपाट, धार्मिक स्थलों को क्षतिग्रस्त करने, मकानों एवं दुकानों पर अवैध कब्जे जैसी घटनाएं लगातार जारी हैं। लेकिन पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने पीड़ित हिंदू समाज की सुरक्षा के लिए हिंदू समाज स्वयं को असुरक्षित और अपमानित महसूस कर रहा है। ऐसा प्रतीत होता है कि हिंदू समाज वहां के हालात के कारण पलायन के लिए मजबूर हैं।
उन्होंने कहा कि कश्मीर जैसे हालात उत्पन्न करके सांप्रदायिक हिंसा को बढ़ावा देने की साजिश रची जा रही है। मंच के कार्यकर्ताओं ने सरकार के कार्यकाल में हुई सांप्रदायिक घटनाओं की सीबीआई से जांच कराने, सांप्रदायिक हिंसा में पीड़ितों को 25-25 लाख रूपये का मुआवजा दिलाने, पलायन कर गए लोगों की वापसी कराने, पश्चिम बंगाल के हिंसाग्रस्त क्षेत्रों को भारतीय सेना के हवाले कराने, हिंदू समाज की बहू-बेटियों और धार्मिक स्थलों के सम्मान के लिए ठोस कदम उठाने और ममता बनर्जी सरकार को तुरंत बर्खास्त कर राष्ट्रपति शासन लागू की मांग की गई।
कार्यकर्ताओं की ओर से राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एसडीएम रामविलास यादव को सौंपा गया। ज्ञापन देने वालों में प्रांतीय उपाध्यक्ष सुरेंद्रपाल सिंह, जिला अध्यक्ष शेषपाल सिंह पंवार, महामंत्री अमित धीमान, अजय पुंडीर, प्रशांत, विशाल राणा, दिनेश कुमार, हीरा सिंह, सुरेशपाल, आशु शर्मा, कर्ण सिंह, बाबूराम सिंह, अंकित राणा, संदीप राणा, अनिल आत्रेय, सुभाष त्यागी, शाशवर आत्रेय आदि मौजूद रहे।