सहारनपुर के कुतुबशेर थाना क्षेत्र की एकता कॉलोनी में बासी बिरयानी खाने से एक दर्जन से अधिक परिवारों के 21 बच्चों और कई अन्य की हालत बिगड़ गई। इनमें से करीब 21 का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है जबकि अन्य को नर्सिंग हो में भर्ती कराया गया है।
शुक्रवार रात एकता कॉलोनी में एक व्यक्ति ने कॉलोनी में बिरयानी बांटी। बताया जा रहा था कि ईद की खुशी में यह खाना बांटा गया था। कॉलोनी के अकरम ने बताया कि इसके लिए मस्जिद से ऐलान कराया गया था।
कॉलोनी में जब बिरयानी बांटे जाने की बात फैली तो बड़ी संख्या में परिवारों के बच्चे बिरयानी लेने पहुंच गए। कुछ बच्चे खाना अपने घर लेकर गए। घर पर आकर इन बच्चों ने अपने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर इस बिरयानी को खाया तो धीरे-धीरे सभी की हालत बिगड़ने लगी।
कुछ ही देर में कॉलोनी के सभी बच्चों को उल्टियां शुरू हुई तो खलबली मच गई। परिजन बच्चों को लेकर अस्पतालों की ओर दौड़ पड़े।
जिला अस्पताल में रात 11 बजे बीमार बच्चों का आना शुरू हुआ और रात दो बजे तक बच्चे आते रहे।
जिला अस्पताल में भीड़ बढ़ गई तो कुछ परिजन अपने बच्चों को लेकर अन्य अस्पतालों में चले गए। जिला अस्पताल में करीब 21 बच्चों को भर्ती कराया गया। इनका अस्पताल में उपचार चल रहा है। चिकित्सक इसे फूड प्वाइजनिंग मान रहे हैं।
जिला अस्पताल में भर्ती हुए बीमार बच्चे
सानिया (4 वर्ष), जोया (3), परवीन (9), अयात (6), अतिया (8), मोइन (10), समा (3), आजम (5), जिंदा (9), अफीसा (6), अलमा (7), साबिया (5), सुमालिया (14), महल (11), इलमा (9), आफिया (3), सिफा (10), रविया (10), अल्तमस (2), अल्तमस (5), नजमा (25), अहमद (27) शामिल हैं।