सहारनपुर। रंग संस्था नाट्य एकेडमी द्वारा आयोजित 24 वीं आकांक्षा जोशी अवार्ड नृत्य प्रतियोगिता में बाल किशोर और युवा नृत्यांगनाओं ने अपनी कला से आयाम स्थापित किया। भव्या पाहवा ने आकांक्षा जोशी अवार्ड जीता, जबकि टीवी कलाकार सम्राट सोनी को डाक्टर लक्ष्मीनारायण अवार्ड से सम्मानित किया गया।
बेहट रोड पर डेलमोंड गर्ल्स स्कूल में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन शोभित यूनिवर्सिटी के आध्यात्मिक शिक्षा एवं रिसर्च इंस्टीट्यूट के चेयरमैन महामंडलेश्वर मार्तंडपुरी, नाट्य एकेडमी के अध्यक्ष विजेश जोशी, रंजन गुप्ता और तारक मेहता का उलटा चश्मा फेम सूरमा भाई सम्राट सोनी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित करके किया। कार्यक्रम की शुरूआत नन्ही कला साधिकाओं ने शास्त्रीय अंदाज में सरस्वती वंदना से की। पांच से 12 वर्ष के ग्रुप ए में आशा मॉडर्न स्कूल की मानवी ने प्रथम, सरस्वती विहार की दिया चौहान ने द्वितीय और मदरलैंड स्कूल की दक्षिता दूबे ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 12 से 15 वर्ष के ग्रुप बी में नामदेव पब्लिक स्कूल गंगोह की भव्य पाहवा ने प्रथम, प्रभा ज्ञान पब्लिक स्कूल गंगोह की हिमानी धीमान ने द्वितीय और लार्ड महावीरा एकेडमी की प्रेक्षा वर्मा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 15 वर्ष से अधिक आयु के ग्रुप सी में एसडी कन्या इंटर कॉलेज की अंजलि शर्मा ने प्रथम, गंगोह की हिमानी धीमान ने द्वितीय और लक्षिता सिद्धार्थ को तृतीय स्थान मिला। सामूहिक नृत्य में विरद कला केंद्र ने आकांक्षा जोशी अवार्ड जीता तो गंगोह की विक्टी डांस एकेडमी ने प्रथम पुरस्कार पाया। तीनों वर्ग में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाली भव्या पाहवा को आकांक्षा जोशी अवार्ड दिया गया। प्रतियोगिता के निर्णायक रहे सम्राट सोनी को डाक्टर लक्ष्मीनारायण अवार्ड, नामदेव पब्लिक स्कूल गंगोह की प्रधानाचार्या रजनी राजपूत को सिम्मी टेबक स्मृति पुरस्कार से सम्मानित किया गया। समाजसेवी श्याम गुलाटी, जयराम और अरविंद टेबक को नाट्य कला रत्न अवार्ड दिया गया। आयोजन में संयोजक मुकेश शर्मा, अनिल मालियान, अजय कुमार, बलदेव कुमार का सहयोग रहा। कार्यक्रम की अध्यक्षता कुलदीप धमीजा ने की और संचालन संजय गुप्ता व आदित्य शर्मा ने किया। इस दौरान पंडित वासुदेव शर्मा निर्मोही, नीरज जैन, जयदीप जैन, अजय वशिष्ठ, अवनीत कौर, वीना धींगड़ा, मंजूला सक्सेना, केके गर्ग, योगेश पंवार, धुरेंद्र शर्मा, कमल शर्मा, शीतल त्यागी, सुमित सिंघल, रेखा धींगड़ा और आस्था शर्मा आदि मौजूद रहे।