राशन की दुकानों पर छापे, अभिलेखों की जांच की
गंगोह (सहारनपुर)। क्षेत्रीय पूर्ति निरीक्षक ने नगर और देहात में राशन की अनेक दुकानों पर छापेमारी की। उन्होंने अभिलेखों और स्टाक की जांच की। इसके साथ ही कोटेदारों को समस्त राशन कार्डों की आधार फीडिंग के संबंध में भी निर्देश दिए। इस दौरान कोटेदारों में हड़कंप मचा रहा।
सोमवार को क्षेत्रीय पूर्ति निरीक्षक डा. दीपांकर शर्मा बाइपास मार्ग स्थित केरोसिन विक्रेता के गोदाम पर पहुंच गए। यहां जांच के उपरांत उन्होंने नगर में बसंत शर्मा, मांगेराम, अतर सिंह मुनव्वर हसन, मुनीर अहमद सहित अन्य की दुकानों पर अभिलेखों और स्टाक की जांच की। इस दौरान खाद्यान्न लेने आए कार्डधारकों से भी पूछताछ की गई। गांव टिडोली में रूबीना की दुकान की भी जांच की गई। इसके बाद हुई बैठक में डा. दीपांकर शर्मा ने कोटेदारों को नियमित दुकानें खोलने की नसीहत दी। वितरण में धांधली करने और खाद्यान्न अथवा केरोसिन की कालाबाजारी करने पर कड़ी कार्रवाई करने की चेतावनी भी दी। इसके साथ ही अपनी अपनी दुकानों से संबद्ध राशन कार्डों की आधार फीडिंग अविलंब कराने के निर्देश दिए। पूर्ति निरीक्षक ने बताया कि फिलहाल कोई गंभीर अनियमितता नही मिली है। अभिलेखों की जांच की जाएगी। अनियमितता मिलने पर संबंधित विक्रेता के खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी।