अधिकारियों ने किया दया शुगर मिल का निरीक्षण
गागलहेड़ी (सहारनपुर)। तीन दिन पहले दया शुगर मिल में बायलर ट्यूब फटने से हुए हादसे के बाद मिल पहुंचे अधिकारियों ने वहां का निरीक्षण किया। अफसरों ने मिल प्रबंधन को चेताया कि कर्मचारियों की सुरक्षा से खिलवाड़ बरदाश्त नहीं होगा।
शुक्रवार को एडीएम एफ विनोद कुमार, जिला गन्ना अधिकारी केएम मणि त्रिपाठी, एसपी देहात विद्या सागर मिश्र, सीओ सदर चौब सिंह ने दया शुगर मिल की बायलर ट्यूब का निरीक्षण किया। इसके बाद अधिकारियों ने मिल चालू करने का आदेश दिया। साथ ही हिदायत दी कि क्षमता से अधिक अभी कोई भी लोड मशीनों पर ना डाला जाए और मशीनों पर टेक्निकल वर्करों को ही तैनात किया जाए। अधिकारियों ने चेताया कि वर्करों की सुरक्षा से कोई खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अगर इस संबंध में कोई शिकायत मिलती है तो कठोर कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद डीसीओ के एम मणि त्रिपाठी ने किसानों को मिल चालू करने की जानकारी दी। इस दौरान मिल पर गन्ना लाने वाले किसानों की भारी भीड़ लगी रही। इस दौरान यूनिट हेड अली मोहम्मद, जीएम केन धनराज सिंह आदि स्टाफ मौजूद रहा।