सहारनपुर। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी स्मार्ट सिटी योजना के तहत शहरवासियों को चिकित्सा के लिए बेहतर व्यवस्था मिलनी है, यदि योजना के अनुरूप कार्य हुआ, तो वह दिन दूर नहीं जब मोबाइल क्लीनिक आपके घर के दरवाजे पर उपलब्ध होंगे। मात्र एक फोन कॉल के जरिए अपनी जरूरत की दवाएं घर पर ही मंगाई जा सकेंगी।
योजना के तहत शहर में जगह-जगह मोहल्ला क्लीनिक बनाए जाएंगे, जिन्हें फर्स्ट एड सेंटर्स का नाम दिया गया है। यह सेंटर्स 24 घंटे खुलेंगे, जिन पर लोगों को आपातकाल यानी इमरजेंसी में चिकित्सा सुविधा उपलब्ध मिलेगी। स्मार्ट सिटी से जुड़े सूत्रों ने बताया कि फर्स्ट एड सेंटर्स जरूरत के हिसाब से बनाए जाएंगे। क्योंकि शहर में पहले से चिकित्सा सुविधाएं अधिक हैं ऐसे में यह सेंटर्स नगर के उन वार्डों या क्षेत्रों में स्थापित किए जाएंगे, जहां चिकित्सा सुविधाएं कम हैं या फिर अस्पताल लोगों की पहुंच से दूर हैं। यह सेंटर्स कितने होंगे इस पर अभी मंथन चल रहा है। इसके अलावा मोबाइल क्लीनिक एंड टेलीमेडिसिनफैसिलिटी की सुविधा देना भी योजना में शामिल है। मोबाइल क्लीनिक ऐसी वैन होंगी, जिनमें क्लीनिक वाली सभी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इनमें डॉक्टर भी उपलब्ध होंगे। यदि कोई व्यक्ति अस्पताल तक जाने में सक्षम नहीं है या कोई व्यक्ति अस्पताल तक ले जाने वाला नहीं है तो उक्त व्यक्ति एक फोन कॉल कर मोबाइल क्लीनिक को घर पर ही बुलवा सकेगा। जिसके बाद मोबाइल क्लीनिक पर तैनात चिकित्सा स्टाफ प्राथमिक चिकित्सा देगा। इसके अलावा टेलीमेडिसिन फैसिलिटी के तहत भी टोल फ्री मोबाइल नंबर जारी किए जाएंगे, जिन पर कॉल कर कोई भी नगरवासी अपने घर पर ही जरूरत की दवाएं मंगा सकेगा। यह दवाएं 15 मिनट से 30 घंटे के भीतर घर पर पहुंचा करेंगी। खास बात यह है यह तमाम सुविधाएं मुफ्त होंगी।
------------------------------------
शहर में उपलब्ध मौजूदा चिकित्सा सेवाएं
वर्तमान में शहर में चिकित्सा सेवाओं की बात करें तो एसबीडी जिला अस्पताल गरीब लोगों का सबसे बड़ा सहारा है। मेडिकल कॉलेज है, मगर वह शहर से पांच किलोमीटर दूर है। निजी अस्पताल 150 से अधिक रजिस्टर्ड हैं। ऐसी स्थिति में गरीब और मजलूम लोगों के लिए फर्स्ट एड सेंटर्स, मोबाइल क्लीनिक या टेलीमेडिसिन सुविधाएं वरदान साबित होंगी।
------------------------------------
स्मार्ट सिटी योजना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी योजना है, जिसमें शहर के भौगोलिक विकास के साथ ही लोगों के जीवन स्तर में सुधार लाना शामिल है। चिकित्सा सेवाएं बेहतर करना भी योजना का हिस्सा है। यह हमारा सौभाग्य है कि सहारनपुर योजना में शामिल है। योजना पर काम चल रहा है। जैसे ही शासन से पैसा रिलीज होगा और शहर में काम होंगे तो लोग बदलाव के गवाह बनेंगे। -- संजीव वालिया, महापौर।
-------------------------------------
शहरवासियों की चिकित्सा सेवाओं को बेहतर बनाना स्मार्ट सिटी योजना का हिस्सा है। अभी डीपीआर बनाने का काम चल रहा है जो अंतिम चरण में है। योजना को लेकर हम गंभीरता के साथ काम कर रहे हैं। डीपीआर बनते ही शासन से धनराशि की डिमांड की जाएगी। पैसा मिलते ही शहर में प्रस्तावित विकास कार्यों पर काम किया जाएगा। -- ज्ञानेंद्र सिंह, नगरायुक्त।