सहारनपुर। खुदरा व्यापार और ई कॉमर्स में विदेशी निवेश की अनुमति नहीं दिए जाने सहित अन्य मांगों को लेकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल ने जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडेय को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि सिंगल ब्रांड रिटेल में सौ फीसदी एफडीआई की अनुमति को वापस लिया जाए।
शुक्रवार को जिलाधिकारी को प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपने गए प्रतिनिधिमंडल को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष जयवीर राणा ने कहा कि खुदरा व्यापार और ई कॉमर्स विदेशी निवेश के खिलाफ व्यापारियों में रोष है। उन्होंने कहा कि इसका देश के छोटे व्यापारियों पर बुरा प्रभाव पडे़गा। उन्होंने कहा कि देश के सात करोड़ छोटे व्यवसायी करीब 42 लाख करोड़ रुपये का कारोबार करते हैं। कृषि के बाद रिटेल व्यापार रोजगार देने वाला सबसे बड़ा क्षेत्र है। प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल त्यागी और शैलेंद्र भूषण गुप्ता ने कहा कि सिंगल ब्रांड रिटेल में सौ फीसदी एफडीआई की अनुमति को वापस लिया जाए। उन्होंने कहा कि ई कॉमर्स के लिए पॉलिसी की घोषणा जल्द की जाए और जीएसटी में कर की दर केवल दो प्रकार की होनी चाहिए। महानगर अध्यक्ष मुकुंद मनोहर गोयल, अजय शर्मा, अमित ढिंगरा, महेश भोला, जौली प्रजापति, अमित पंडित, अनिल कांबोज, राजकुमार, बीर सिंह, प्रदीप मित्तल, सुमित कांबोज, अंकित धीमान, सत्तार, जब्बार, बोबी मलिक आदि रहे।