अंबेहटा (सहारनपुर)। समाजवादी छात्र सभा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष व साइकिल यात्रा के जिला प्रभारी अतुल प्रधान ने कहा कि भाजपा की केंद्र व प्रदेश सरकारों की गलत नीतियों के कारण जनता त्रस्त है तथा देश विकास की दौड़ में पिछड़ गया है। उन्होंने 13 सितंबर से पार्टी द्वारा चलाई जाने वाली साइकिल यात्रा की जानकारी देते हुए इसे सफल बनाने का आह्वान किया।
रविवार को बांदूखेड़ी गांव में चौधरी प्रवीण के आवास पर हुई कार्यकर्ताओं की बैठक में अतुल प्रधान ने कहा कि नोटबंदी व जीएटी से देश की अर्थव्यवस्था को नुकसान हुआ है जिस कारण रुपये का लगातार अवमूल्य हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार में जारी की गई जन कल्याणकारी योजनाओं को सत्ता में आते ही भाजपा ने बंद कर दिया। अतुल प्रधान ने बताया कि समाजवादी पार्टी 13 सितंबर से साइकिल यात्रा निकालने जा रही है जिसके माध्यम से लोगों को पार्टी की नीतियों व भाजपा की जनविरोधी नीतियों से अवगत कराया जाएगा। पूर्व मंत्री सरफराज खान ने कहा कि साइकिल यात्रा लोकसभा के चुनाव में भाजपा के ताबूत में आखिरी कील साबित होगी। उन्होंने बताया कि साइकिल यात्रा सहारनपुर में पार्टी कार्यालय से शुरू होकर अनेक जनपदों से होती हुई दिल्ली पहुंचेगी। सरफराज खान ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि साइकिल यात्रा में सफलता के लिए तैयारी कर ले। बैठक में सपा जिलाध्यक्ष चौधरी रूद्रसैन के प्रतिनिधि प्रवीण बांदूखेड़ी, पूरण प्रधान, सेठपाल सिंह, अमित गुर्जर, सहीन कुरैशी, इसरार प्रमुख, पंकज उमरी, रोहित तोमर, प्रमोद तोमर, महावीर सिंह, बबलू कुमार, ओमवीर सिंह, सुधांशु, विनय चौधरी आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहे।