अनुपस्थित मिले कर्मचारियों को चेतावनी देकर छोड़ा
सहारनपुर। मुख्य विकास अधिकारी रेनू तिवारी ने विकास भवन का निरीक्षण किया। सीडीओ ने अनुपस्थित मिले कर्मचारियों को चेतावनी देकर छोड़ दिया।
शनिवार को सीडीओ रेनू तिवारी ने सुबह 10.10 बजे पर विकास भवन के समस्त विभागों का निरीक्षण किया। कार्यालयों में अनुपस्थित मिले कर्मचारियों को सीडीओ ने चेतावनी देकर छोड़ दिया। सीडीओ ने कहा कि सभी अधिकारी और कर्मचारी 10 से 12 बजे अपने कार्यालय में बैठकर जनता की शिकायतें सुनें।
निरीक्षण के दौरान देरी से कार्यालय में पहुंचे कर्मचारियों को छोड़ दिया गया है। लेकिन भविष्य में कोई अधिकारी या कर्मचारी अनुपस्थित मिला तो कार्रवाई की जाएगी। शासकीय कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। इसके पश्चात सीडीओ ने सभागार में बैठक बुलाकर अधिकारियों और कर्मचारियों को केरल बाढ़ पीड़ितों के लिए एक दिन का वेतन राहत कोष में जमा कराने निर्देश दिए। जिला विकास अधिकारी मंशाराम यादव, परियोजना निदेशक दुष्यंत कुमार, उपायुक्त श्रम रोजगार शौकत अली, जिला पंचायत राज अधिकारी सतीश कुमार, डीएसटीओ अमित कुमार मौजूद रहे।