सहारनपुर। नगर निगम बोर्ड की बैठक कल यानी दस अगस्त को सर्किट हाउस में होगी। मगर इससे एक दिन पहले यानी आज रिहर्सल बैठक होनी है, जिसमें मेला गुघाल की तैयारियों और वार्डों को ओडीएफ बनाने को लेकर हंगामा होने के पूरे आसार बने हुए हैं। अनेक पार्षदों को प्रस्तावों पर भी आपत्ति है।
बोर्ड बैठक सर्किट हाउस में होगी, जिसके लिए सभी पार्षदों को निमंत्रण भेजा गया है। बैठक में शहर की सड़कों, नालियों, सीवर और अन्य विकास कार्यों से जुड़े प्रस्ताव रखे और पास किए जाएंगे। सबसे खास मुद्दा मेला गुघाल रहेगा, जिसके ठेकों पर पार्षदों की आपत्ति है। पार्षद मंसूर बदर ने बताया कि नगर निगम ने अनेक वार्डों को ओडीएफ घोषित कर दिया है, जबकि उक्त वार्डों में आज भी बड़ी संख्या में ऐसे लोग हैं, जिनके पास शौचालय ठीक हालत में नहीं हैं। मेला गुघाल की आय और व्यय को लेकर भी आपत्ति है। बताया कि मेले में लगने वाले मेडिकल कैंप में रखी जाने वाली दवाओं के लिए 30 हजार रुपये का बजट रखा गया है, जबकि आज तक इतनी दवाएं कैंप में नहीं रखी गई हैं। मेले में लगने वाले नगर निगम के कैंप के टेंट के लिए निर्धारित किया गया बजट भी ठीक नहीं है। उन्होंने बताया कि इन तमाम चीजों पर वह आपत्ति दर्ज कराएंगे। बसपा पार्षद दल के नेता चंद्रजीत सिंह निक्कू ने भी अनेक प्रस्तावों पर आपत्ति व्यक्त की है।