रेलमंत्री को ट्वीट किया तो पलभर में हो गई ट्रेन की सफाई
सहारनपुर। ट्रेन के एसी कोच में बैठे एक यात्री ने कोच में गंदगी पर सीधे रेलमंत्री को ट्वीट कर दिया। रेल मंत्री ने ट्वीट पर संज्ञान लिया तो रेलवे अधिकारियों में खलबली मच गई। रेलवे मुख्यालय से सहारनपुर स्टेशन पर मैसेज पहुंचा तो ट्रेन के पहुंचने से पहले ही सफाई कर्मचारी अलर्ट हो गए। ट्रेन के पहुंचते ही पांचों एसी कोचों की आनन-फानन में सफाई करा दी गई। अधिकारियों ने खुद कोचों में पहुंचकर यात्रियों से बात की।
शनिवार को गाजीपुर से कटरा जाने वाली ट्रेन संख्या 14611 साप्ताहिक ट्रेन लगभग साढ़े 10 बजे सहारनपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 5 पर पहुंची। ट्रेन के स्टेशन से पहुंचने से पहले ही ट्रेन के एसी कोच में बैठे एक यात्री ने कोच के डस्टबिन में गंदगी की भरमार देखकर रेल मंत्री पीयूष गोयल को ट्वीट कर दिया। ऐसा लग रहा था कि डस्टबिन को कई दिनों से खाली नहीं किया गया है। यह देखकर यात्री अपने आपको नहीं रोक पाया। इसलिए उसने मोबाइल से रेल मंत्री को ट्वीट कर दिया। बताया जा रहा है कि रेलमंत्री को ट्वीट होने के कुछ ही देर में रेलवे मुख्यालय पर इस बाबत मैसेज पहुंच गया। जहां से सहारनपुर स्टेशन पर विशेष संदेश भेज दिया गया। रेलमंत्री तक मामला पहुंचने की बात सुनते ही अधिकारियों में खलबली मच गई। स्टेशन पर ट्रेन के पहुंचने से पूर्व ही सफाई कर्मचारियों का पूरा अमला लेकर सहारनपुर रेलवे स्टेशन के संबंधित सभी अधिकारी पहुंच गए।
इसी दौरान अंबाला से एसीएम रीतिका वशिष्ठ, सहायक सुरक्षा आयुक्त आरपीएफ नरेंद्र मोहन वशिष्ठ भी रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर रहे थे। मैसेज मिलते ही अधिकारी अलर्ट हो गए और ट्रेन के पहुंचने से पहले प्लेटफार्म पर पहुंच गए। अंबाला डिवीजन के दोनों अधिकारी स्थानीय अधिकारियों के साथ गाजीपुर-कटरा के एसी कोच में पहुंच गए। एसी कोच में गंदगी देखकर अधिकारी हैरान रह गए। तभी सफाई कर्मचारी को बुलाकर कोच में रखे डस्टबिन को खाली कराया गया। पूरे कोच की अच्छी तरह से साफ-सफाई कराई गई।
स्टेशन पर जैसे ही ट्रेन पहुंची, सफाई कर्मचारियों ने रेहड़ियों में पांचों एसी कोचों के डस्टबिन खाली करा दिए। उसके बाद अधिकारियों ने कोचों में जाकर सफाई का निरीक्षण किया। उसके बाद ही ट्रेन सहारनपुर से रवाना की गई। सहारनपुर स्टेशन अधीक्षक एसपी सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही उन्होंने सभी एसी कोचों के डस्टबिन की सफाई कराने के साथ निरीक्षण भी किया गया।