45 दिन में नहीं मिल रही पेंशन
सहारनपुर। 45 दिन के अंदर वृद्धा, विधवा और दिव्यांग पेंशन पात्र के खाते में पहुंचाने के दावे फेल हो रहे हैं। जांच के बाद संबंधित विभाग अपनी रिपोर्ट लगा चुके हैं। मगर, तीन से चार माह बीतने के बाद भी पात्र के खाते में पेंशन नहीं आई है। परेशान लोग विभाग के चक्कर काट रहे हैं।
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक एक जनवरी से 15 अप्रैल तक विधवा, वृद्धा और दिव्यांग पेंशन के लिए जिले से 50 हजार 339 फार्म ऑनलाइन भरे गए थे। सैंकड़ों की संख्या में फार्म जांच के दौरान तहसील स्तर और ब्लॉक स्तर पर खामियां मिलने पर निरस्त किए गए। मगर, बाकी पात्रों को पेंशन दिए जाने के लिए शासन को आनलाइन फार्म फारवर्ड कर दिए गए। सरकार की योजना है कि सभी तरह की जांच के बाद 45 दिन के अंदर पात्र व्यक्ति के खाते में पेंशन पहुंचाई जाएगी। मगर, ऐसा नहीं हो रहा है। जिला समाज कल्याण विभाग में रोजाना शिकायती पत्र आ रहे हैं। इसमें पेंशन के लिए आवेदन करने वाले लोग बता रहे हैं कि तीन-चार माह बीतने के बाद उनके खाते में पेंशन नहीं आई है। पुवांरका ब्लाक के गांव आसनवाली निवासी वृद्धा, मंशा देवी, शारदानगर निवासी उमा कश्यप, सलेमपुर भूखड़ी निवासी नसरीन, खानआलमपुरा निवासी राजपाल ने पेंशन न आने की शिकायत की है। उनका आरोप है कि आनलाइन फार्म भरे हुए तीन माह से अधिक हो चुके हैं। जांच में रिपोर्ट भी उनके पक्ष में लगी है। मगर, खाते में पेंशन नहीं आई है। वह अधिकारियों के दफ्तरों के चक्कर काटकर थक चुके हैं।
---
जांच के बाद विभाग द्वारा शासन को आनलाइन फार्म फारवर्ड कर दिए गए हैं। पत्र लिखकर लोगों की समस्या से शासन को अवगत कराया गया। पेंशन आने में थोड़ा समय लग जाता है। लोगों की शिकायत मिल रही हैं। जिन्हें फार्म भरे हुए तीन-तीन माह हो गए हैं। उनकी तीनों माह की पेंशन जल्द खाते में आ जाएगी। ।- कृष्णा प्रसाद, जिला समाज कल्याण अधिकारी।