उत्पीड़न न रुकने पर प्रधान करेंगे आंदोलन
नानौता (सहारनपुर)। ब्लाक मुख्यालय स्थित सभागार में अखिल भारतीय ग्राम प्रधान संगठन की ओर से बैठक आयोजन किया गया। इसमें प्रदेश प्रवक्ता द्वारा ग्राम प्रधानों की समस्या सुनकर समाधान के संबंध में चर्चा की गई। इसके साथ ही चेतावनी दी गई कि जांच या अन्य किसी नाम पर उत्पीड़न बंद न हुआ तो ग्राम प्रधान आंदोलन करेंगे।
बैठक के दौरान ग्राम कचराई के प्रधान विजेंद्र त्यागी ने प्रधानों की समस्या से अवगत कराते हुए कहा कि शौचालयों निर्माण पर जीएसटी नहीं लगनी चाहिए। इससे प्रधानों को भारी समस्या का सामना करना पड़ रहा है। अखिल भारतीय ग्राम प्रधान संगठन के प्रदेश प्रवक्ता सुनील लाठर ने कहा कि जीएसटी मुक्त ग्राम पंचायत होने के साथ ही जांच के नाम पर ग्राम प्रधानों का उत्पीड़न नहीं होना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि ग्राम प्रधानों की समस्या पर सरकार ने अपना रवैया नहीं बदला तो प्रदेश स्तर पर प्रधान संगठन बड़ा आंदोलन करने को बाध्य होगा। उन्होंने कहा कि ग्राम प्रधानों का मानदेय भी बढ़ाना चाहिए।
जिलाध्यक्ष सतवीर यादव कहा कि प्रधानों का उत्पीड़न किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधान को अपनी सुरक्षा के लिए एक शस्त्र लाइसेंस मिलना चाहिए और प्रधानों को अपने पूरे अधिकार मिलने चाहिए। अध्यक्षता अशोक चौधरी टिकरौल ने की। संचालन ग्राम प्रधान संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष रामपाल सिंह प्रधान ने किया।
इस दौरान संजय कम्हेड़ा जिला उपाध्यक्ष, कर्म सिंह प्रधान अध्यक्ष पुवांरका, मनोज कुमार भोजपुर, चौधरी रविंदर, संजय सिंह, चरण सिंह, सुखपाल शर्मा, नाथी राम, मोहर सिंह, मुराद प्रधान, गजाली खान, प्रवीण कुमार, विनोद कुमार, ललित राणा, भूपेंद्र सिंह, दीन मोहम्मद, रमेश सैनी, सुबोध कुमार, विकास चौधरी, नवीन कुमार, बिलाल, उस्मान अंसारी व उमर खान आदि रहे।