देवबंद (सहारनपुर)। तत्कालीन इंस्पेक्टर ब्रजमोहन यादव समेत दो एसआई और एक सिपाही पर गैंगरेप के आरोप में दर्ज हुई रिपोर्ट की जांच सीबीसीआईडी ने आरंभ कर दी है।
बृहस्पतिवार को सीबीसीआईडी की एडिशनल एसपी मोनिका पाठक टीम के साथ कोतवाली पहुंचीं। जहां उन्होंने केस से संबंधित दस्तावेजों की जांच की। इसके साथ ही उन्होंने पुलिस वालों पर गैंगरेप का आरोप लगाने वाली महिला से भी पूछताछ की। सूत्र बताते हैं कि टीम ने इस मामले में एक प्राइवेट चिकित्सक से भी पूछताछ की। कहा जा रहा है कि उक्त चिकित्सक ने पीड़ित महिला का मेडिकल परीक्षण किया था। गौरतलब है कि नगर की एक कालोनी निवासी महिला ने वर्ष 2015 में कोतवाली पर तैनात रहे इंस्पेक्टर ब्रजमोहन यादव, एसआई पंकज धामा, वेगपाल सिंह और एक सिपाही पर गैंगरेप किए जाने का आरोप लगाया था। अदालत के आदेश पर चारों लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई थी। जिसके बाद मामले की जांच सीबीसीआईडी को सौंप दी गई थी। गोपनीय तरीके से जांच कराने के बाद बृहस्पतिवार को सीबीसीआईडी की टीम देवबंद कोतवाली पहुंची। जहां पीड़िता समेत अन्य लोगों से इस मामले में पूछताछ की गई।