देवबंद (सहारनपुर)। संपूर्ण समाधान दिवस में मंगलवार को जिलाधिकारी पीके पांडेय के समक्ष विभिन्न विभागों से संबंधित 53 शिकायत दर्ज हुई। इनमें से महज 2 शिकायतों का ही अधिकारियों द्वारा मौके पर निस्तारण किया जा सका।
खंड विकास कार्यालय सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में अधिकारियों के समक्ष बिजली, नगरपालिका, गन्ना मूल्य भुगतान, पूर्ति विभाग और तहसील से संबंधित 53 शिकायतें पहुंची, लेकिन अधिकारी सिर्फ दो शिकायतों का ही मौके पर निस्तारण कर सके। डीएम पीके पांडेय ने अधीनस्थ अधिकारियों से तहसील दिवस में आने वाली प्रत्येक शिकायतों का गुणवत्तापरक निस्तारण करने के आदेश दिए। डीएम ने कहा कि अधिकारी मौके पर जाकर शिकायतों की जांच कर उनका निस्तारण कराएं। उन्होंने कहा कि कार्य में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। एसएसपी बबलू कुमार ने थानों में लंबित शिकायतों को त्वरित निस्तारण के आदेश दिए। कहा कि पुलिस कानून व्यवस्था के साथ किसी को भी खिलवाड़ नहीं करने देगी। जो भी व्यक्ति कानून हाथ में लेने की कोशिश करेगा पुलिस उसके खिलाफ सख्ती से निपटेगी। इस मौके पर सीडीओ संजीव रंजन, तहसीलदार परमानंद झा, सीओ सिद्धार्थ सिंह समेत तहसील के समस्त विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।