बनते ही टूटी सड़क, ग्रामीणों ने किया हंगामा
सहारनपुर। लोक निर्माण विभाग की ओर से बनाई जा रही सड़क से बजरी उखड़ने पर नाराज ग्रामीणों ने हंगामा किया। उन्होंने निर्माण सामग्री की गुणवत्ता पर सवाल उठाए और सड़क को मानक के अनुरूप न बनाने पर आंदोलन करने की चेतावनी दी।
बृहस्पतिवार को हंगामा कर रहे ग्रामीणों ने बताया कि शाहपुर कदीम में लोक निर्माण विभाग की ओर से सड़क का निर्माण कराया जा रहा है। बृहस्पतिवार सुबह सड़क की बजरी उखड़ी मिली। इससे नाराज ग्रामीण इकट्ठा हो गए और उन्होंने लोक निर्माण विभाग के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।
ग्राम प्रधान सोनू कुमार भी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाया। ग्रामीणों ने बताया कि सड़क बनाने में मानकों की अनदेखी की जा रही है। बजरी पर तारकोल भी कम डाला जा रहा है। इसके चलते यह हालत हो रही है। उन्होंने कहा कि बनते समय ही सड़क कई जगहों पर उखड़ गई है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि वे मानकों का उल्लंघन कर ऐसा सड़क निर्माण नहीं होने देंगे। यदि सही ढंग से सड़क नहीं बनाई गई तो जिलाधिकारी और लोक निर्माण विभाग के कार्यालय पर धरना दिया जाएगा।
---
तारकोल में मिलकर आ रही मिट्टी
बता दें कि अमर उजाला ने 23 फरवरी 2018 के संस्करण में पीडब्ल्यूडी के तारकोल में मिट्टी मिले होने का मामला उजागर किया था। तारकोल में मिट्टी मिले होने का पता जब चला, जब मजदूरों ने तारकोल के ड्रम को भट्टी पर रखा। इससे तारकोल गर्म होने में अधिक समय ले रहा है और तारकोल को ड्रम से निकालने के बाद उसमें 35 से 40 किलोग्राम मिट्टी निकल रही है। साथ ही बजरी में भी मिट्टी मिले होने का खुलासा किया गया था। मगर अधिकारियों ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। सड़कें टूटने की यह भी एक वजह है।
---
सड़क ठीक नहीं बनाई तो आगे नहीं मिलेगा काम
शाहपुर कदीम में ठेकेदार काम को ठीक नहीं कर रहा था। ऐसे में हमने खुद अधिकारियों को मौके पर भेजकर काम रुकवाया है। जब तक ठेकेदार सड़क का ठीक से निर्माण नहीं करेगा तब तक उसे आगे काम नहीं करने दिया जाएगा। अन्य जगहों पर भी यदि सड़कों पर काम में कमी पाई जाती है तो लोग शिकायत कर सकते हैं। जांच कराई जाएगी।
केके त्यागी, अधिशासी अभियंता, पीडब्ल्यूडी।