यूपी बोर्ड की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन शुरू
सहारनपुर। यूपी बोर्ड की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन शनिवार से चार केंद्रों पर शुरू हो गया। सहारनपुर में दसवीं और 12वीं की करीब साढ़े छह लाख कॉपियों को जांचा जाना है। इसके लिए 1710 परीक्षकों को ड्यूटी पर लगाया गया है। पहले दिन अनेक परीक्षक नदारद मिले।
मूल्यांकन के लिए बीडी बाजोरिया इंटर कॉलेज, एसएएम इंटर कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज और जेवी जैन इंटर कॉलेज को केंद्र बनाया गया है। बीडी बाजोरिया इंटर कॉलेज और एसएएम इंटर कॉलेज में दसवीं तथा राजकीय इंटर कॉलेज और जेवी जैन इंटर कॉलेज में 12वीं की कॉपियां जांची जा रही हैं। परीक्षा की ही तरह मूल्यांकन को लेकर भी विभाग ने कड़े प्रबंध किए हैं। सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में कॉपियां जांची जा रही हैं, जिससे मूल्यांकन में किसी प्रकार की गड़बड़ी को पकड़ा जा सके। पहले दिन 20-20 कॉपियां जांटी गईं। वित्त विहीन शिक्षकों ने मूल्यांकन का बहिष्कार किया हुआ है। शायद यही वजह रही कि पहले दिन अनेक परीक्षक नदारद रहे। डीआईओएस आरके तिवारी ने गंभीरता के साथ मूल्यांकन करने के निर्देश परीक्षकों को दिए हैं।