बेहट (सहारनपुर)। शनिवार की शाम शाकंभरी रोड पर टहलने गए दो व्यापारियों को तेंदुआ दिखाई दिया। इससे लोगों में फिर से उसकी दहशत बन गई है। लोगों का मानना है कि अभी तक तेंदुआ जंगल में ही है।
बता दें पिछले कई दिन से कस्बे सहित आसपास के गांवों में तेंदुए का खौफ बना हुआ है। तीन-चार दिन पहले उसने गांव अब्दुल्लापुर के पास एक डिप्टी रेंजर समेत तीन लोगों पर हमला कर उन्हें जख्मी कर दिया था। दो दिन तक लगातार वन विभाग की टीमों द्वारा सर्च अभियान चलाए जाने के बाद भी तेंदुआ पकड़ में नहीं आ सका था, जिसके बाद वन विभाग के अधिकारियों ने तेंदुए के जंगल में लौट जाने की बात कही थी। शनिवार की शाम बेहट निवासी व्यापारी मोहित जैन एवं सचिन राजदेव शाकंभरी रोड पर टहलने के लिए गए थे। जब वह पुराना पुल पार करने के बाद एक आम के बाग के पास पहुंचे, तो उनकी नजर बाग में घूम रहे तेंदुए पर पड़ी। तेंदुए को देखकर दोनों व्यापारी दहशत में आ गए। उन्होंने यह सूचना लौटकर दी। उधर, सामाजिक वानिकी प्रभाग की बेहट रेंज अधिकारी एके सिंह का कहना है कि व्यापारियों से जानकारी कर तेंदुए की तलाश कर उसे पकड़ने का प्रयास किया जाएगा।