सहारनपुर। अवैध खनन करने के आरोपियों पर चल रही कार्रवाई तेज होती जा रही है। करोड़ों रुपये के देनदार बसपा एमएलसी समेत तीन लोगों से वसूली के लिए प्रशासन उनकी संपत्तियों की नीलामी करने वाला है। नीलामी के लिए दो, 17 और 23 फरवरी 2018 की तिथियां तय की गई हैं। प्रशासन के कदम से संबंधित लोगों में हड़कंप है।
बसपा एमएलसी महमूद अली पुत्र वहीद निवासी मिर्जापुर पोल पर 39 करोड़ नौ लाख, 41 हजार 561 रुपये बकाया हैं। नीलामी के लिए उनकी सात संपत्तियों को चिह्नित किया गया है, जिनमें गागलहेड़ी और दराकोटतला की संपत्तियां शामिल हैं। दूसरा नाम मुकेश जैन पुत्र नरेंद्र जैन निवासी महावीर कॉलोनी का है, जिनपर 29 करोड़, 45 लाख, 49 हजार 750 रुपये बकाया हैं। नीलामी के लिए इनकी भी अलग-अलग जगह की कई संपत्ति चिह्नित की गई हैं। तीसरा नाम अमित जैन पुत्र नरेंद्र जैन निवासी महावीर कॉलोनी का है। अमित जैन पर 15 करोड़, 93 लाख, 71 हजार 644 रुपये बकाया हैं। इनकी भी तीन संपत्तियां नीलामी के लिए चिह्नित की गई हैं। महमूद अली और मुकेश जैन की संपत्तियों की नीलामी दो फरवरी को होगी, जबकि अमित जैन की संपत्ति 17 और 23 फरवरी को नीलाम की जाएगी। प्रशासन की कार्रवाई से उक्त लोगों में हड़कंप की स्थिति है। एसडीएम सदर संगीता ने बताया कि अवैध खनन के आरोपियों की संपत्ति की नीलामी की जानी है। इसके लिए तीनों को नोटिस भी भेज दिया गया है।