रामपुर मनिहारान (सहारनपुर)। नगर निकाय चुनाव के बाद एक दिसंबर को होने वाली मतगणना के लिए गोचर कृषि इंटर कालेज में बनाए गए केंद्र का चुनाव रिटर्निंग अधिकारी डा. सौरभ राजपूत, पुलिस क्षेत्राधिकारी यतेंद्र नागर और थाना प्रभारी एसके राणा ने निरीक्षण किया।
इस दौरान अफसरों ने अधीनस्थों को स्ट्रांग रूम, विद्युत व पेयजल व्यवस्था, शौचालय, बैरीकेडिंग आदि के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिए। रामपुर मनिहारान नगर पंचायत रिटर्निंग अधिकारी डा. सौरभ राजपूत ने बताया कि मतगणना के लिए समय से पूर्व सभी तैयारी को पूरा कर लिया जाएगा। इस मौके पर चुनाव के दौरान प्रत्याशियों द्वारा मतदाताओं को शराब परोसने व अन्य प्रलोभन दिए जाने पर नजर रखने के दिशा निर्देश भी दिए हैं। वहीं, एसडीएम राकेश कुमार गुप्ता ने थाना प्रभारी को पत्र लिखकर कहा कि वह चुनाव प्रचार के दौरान प्रत्याशी द्वारा मतदाताओं को किसी प्रकार की धमकी, प्रलोभन, शराब आदि का वितरण व अन्य खाद्य सामग्री के बांटने पर नजर रखें। यदि ऐसा पाया जाता है तो उसके खिलाफ आचार संहिता के तहत रिपोर्ट दर्ज करें। एसडीएम ने कहा कि चुनाव के दौरान किसी भी प्रत्याशी ने शराब व अन्य प्रलोभन प्रत्याशियों को दिए तो उसके खिलाफ सख्त कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।