महापंचायत स्थगित होने के बाद भी छावनी में तब्दील रहा बड़गांव
बड़गांव (सहारनपुर)। क्षत्रिय समाज की अंबेहटा चांद में शुक्रवार को होने वाली महापंचायत स्थगित हो जाने के बाद भी बड़गांव थाना परिसर पूरा दिन छावनी में तब्दील रहा।
पुलिस प्रशासन द्वारा राजपूत समाज के कुछ युवकों पर रासुका की कार्रवाई से नाराज क्षत्रिय समाज के लोगों ने पांच दिन पूर्व अंबेहटा चांद गांव में पंचायत के माध्यम से 15 सितंबर को महापंचायत करने निर्णय लिया था। राजपूतों में पुलिस प्रशासन द्वारा एक पक्षीय कार्रवाई को लेकर उपज रहे गुस्से से प्रशासन भी चौकन्ना हो गया था। इसी के मद्देनजर बृहस्पतिवार को क्षत्रिय महासभा के प्रदेश अध्यक्ष कान सिंह राणा, राजेंद्र सिंह, नाथी सिंह पुंडीर , प्रधान नकली सिंह, ब्रजेश आदि राजपूत नेताओं से एसएसपी बबलू कुमार, एस पी देहात विद्यासागर मिश्र, एसपी सिटी प्रबल प्रताप सिंह ने वार्ता कर महापंचायत को कुछ समय के लिए स्थगित करा दिया था। महा पंचायत स्थगित होने के बावजूद भी प्रशासन ने शुक्रवार की सुबह से ही बड़गांव थाना परिसर छावनी में तब्दील कर दिया था। इस मौके पर एसपी देहात विद्या सागर मिश्र के नेतृत्व में सीओ देवबंद सिद्धार्थ सिंह, थाना प्रभारी फतेहपुर भानू प्रताप सिंह, थाना प्रभारी नागल छोटे सिंह सहित कई थानों की फोर्स एवं भारी संख्या में रैपिड एक्शन पुलिस, पीएसी पुलिस बल दिन भर थाना परिसर डटा रहा।