देवबंद (सहारनपुर)। ठोकरपुर गांव में श्मशान न होने के कारण ग्रामीणों को सड़क किनारे ही मृतक व्यक्तियों का अंतिम संस्कार करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने सरकार से गांव में श्मशान बनवाने की मांग की है।
ठोकरपुर के क्षेत्र पंचायत सदस्य रजनीश कुमार, तिलकराम, प्रमोद, जयप्रकाश, भोपाल, रवि, पोपिन, नीरज व गोपी सिंह ने बताया कि हाल ही में दिशोंदी की पत्नी चावली का निधन हो गया था। जिसका अंतिम संस्कार भी सड़क किनारे किया गया। यही स्थिति प्रत्येक ग्रामीण के साथ है। उन्होंने बताया कि गांव में श्मशान न होने की समस्या के संबंध में स्थानीय प्रशासन को अवगत कराया गया। लेकिन, प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की। उन्होंने बताया कि श्मशान के लिए छोड़ी गई भूमि का खसरा नंबर 62/0.02 है। आरोप है कि कुछ लोगों ने कब्जा कर रखा है। लेकिन, प्रशासन उक्त भूमि को कब्जा मुक्त नहीं करा रहा है। इस कारण ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त है। लोगों ने चेतावनी दी यदि उनकी समस्या का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो ग्रामीण आगामी चुनाव का बहिष्कार करने से भी पीछे नहीं हटेंगे। धरना, प्रदर्शन व रोड जाम करने को भी विवश होंगे। एसडीएम रामविलास यादव ने बताया कि मामले की जांच कराकर समस्या का समाधान कराया जाएगा।