सहारनपुर। नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) के रोक के बावजूद जिले में हो रहे अवैध खनन की शिकायत की गई है। एनजीटी और सीबीआई के अलावा पीएमओ को भी अवैध खनन व इससे जुड़े अफसरों की मिलीभगत का पूरा चिट्ठा भेजा गया है। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि अधिकारियों ने बार-बार न्यायालय में किसी तरह के खनन नहीं होने का हलफनामा दिया है, मगर वर्तमान में भी जिले भर में अवैध खनन और परिवहन धड़ल्ले से किया जा रहा है। खनन रोकने के लिए जिम्मेदार जिलाधिकारी और एसएसपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।
एनजीटी के आदेश पर फरवरी 2016 में सहारनपुर में खनन पर पूरी तरह से रोक लगा दिया गया था। मगर, इसके बाद भी जिले भर में अवैध खनन होता रहा। कुछ महीने पहले अधिकारियों ने विकास कार्यों के लिए खनन परिवहन का आदेश जारी किया है। इसे शिकायतकर्ताओं ने न्यायालय के आदेश का उल्लंघन माना है। इसके अलावा इन्हीं आदेश की आड़ में अवैध खनन करवाने का आरोप लगाया है। हरियाणा के जोगिन्दर और सहारनपुर के मिंटू ने कई महीनों के अवैध खनन और परिवहन के वीडियो एनजीटी, सीबीआई, न्यायालय और प्रदेश सरकार को भेजा है। इसके अलावा खनन रोकने के लिए जिम्मेदार डीएम और एसएसपी पर भी संलिप्त होने का आरोप लगाया है।