सहारनपुर। डॉ. भीमराव अंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में खेल जा रही अंडर-19 क्रिकेट प्रतियोगिता में शुक्रवार को सेमीफाइनल मुकाबले कराए गए। एसबीबीए क्रिकेट एकेडमी और रॉयल क्रिकेट एकेडमी की टीमों ने विपक्षी टीमों पर शानदार जीत हासिल करते हुए फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल मुकाबला रविवार को होगा।
पहला सेमीफाइनल स्टेडियम ट्रेनीज और एसबीबीए क्रिकेट एकेडमी के बीच हुआ। स्टेडियम ट्रेनीज ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेेबाजी करते हुए एसबीबीए क्रिकेट एकेडमी की पूरी टीम मात्र 98 रन बनाकर आउट हो गई। मामूली से लक्ष्य का पीछा करने उतरी स्टेडियम ट्रेनीज की टीम कोई खास प्रदर्शन नहीं कर सकी और मात्र 73 रन पर सिमट गई। दूसरा सेमीफाइनल रॉयल क्रिकेट एकेडमी और गुरुबचन क्रिकेट एकेडमी के बीच हुआ। इस मुकाबले में गुरुबचन क्रिकेट एकेडमी की पूरी टीम मात्र 38 रन पर सिमट गई। जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी रॉयल क्रिकेट एकेडमी की टीम ने मुकाबला छह विकेट से जीतकर फाइनल में एंट्री की। मैच के दौरान उप क्रीड़ा अधिकारी काशी नरेश यादव, ईश्वरपाल, कोच अब्दुल अहद, गुलाब सिंह राणा, संदीप रंधावा आदि मौजूद रहे।