संगीनों के साए में हुआ ताऊ-भतीजे का अंतिम संस्कार
बड़गांव (सहारनपुर)। मंगलवार की देर रात संगीनों के साए में बेहद गमगीन माहौल में मृतक ताऊ-भतीजे का अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस दौरान गांव में तनावपूर्ण शांति बनी रही। पीड़ित पक्ष में गम और गुस्से का माहौल था।
बता दें कि मंगलवार की सुबह पांच साल पूर्व हुए दोहरे हत्याकांड के बदले की आग में दिन निकलते ही पांच हमलावरों ने ताऊ -भतीजे की गोलियां बरसाकर हत्या कर दी थी, जबकि दो सगे भाईयों को गंभीर रूप से घायल कर दिया था। पोस्टमार्टम के बाद दोनो शव गांव लुकादड़ी पहुंचे तो गांव का माहौल एक बार फिर पूरी तरह से गमगीन हो गया। रात करीब बारह बजे संगीनों के साये में जब एक ही घर से ताऊ और जवान भतीजे की अर्थियां एक साथ उठी तो मौके पर मौजूद रिश्तेदारों से लेकर गांववासियों की आंखें नम हो गई। मृतक सुनील के आठ वर्षीय बेटे प्रिंस ने दोनों को मुखाग्नि दी। घटना के बाद से ही मृतक सुनील की पत्नी सविता और उसकी मां राज्जों का रो रोकर बुरा हाल है। गांव में मंगलवार को दिन निकलते ही हुए इस दोहरे हत्याकांड को लेकर गांव में भय का माहौल व्याप्त है। एसपी देहात विधा सागर मिश्रा और सीओ देवबंद सिद्धार्थ मय भारी फोर्स के साथ दोनों मृतकों का अंतिम संस्कार होने तक गांव में मौजूद रहे। घटना के बाद से गांव में सुरक्षा की दृष्टि से भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।