सहारनपुर। जिले में साइबर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है, जिसके तार कई राज्यों से जुड़े हैं। राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर साइबर सेल को ठगी से जुड़े 55 खातों की जानकारी मिली थी।
इसमें जांच के दौरान जिले से जुड़े 40 खाते ऐसे पाए गए, जिनमें चेन्नई, मुंबई, हरियाणा, कर्नाटक, झारखंड, बिहार और दिल्ली समेत कई राज्यों से ठगी के करीब दो करोड़ रुपये आए हैं। यह खुलासा होते ही पहले दिन अलग-अलग थानों में पांच प्राथमिकी दर्ज कराई गई।
n 1.92 लाख रुपये खाते में लेकर एटीएम से निकाले : साइबर सेल प्रभारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि एनसीआरपी पर आई शिकायतों, म्यूल बैंक खातों, बैंकिंग अभिलेखों, वित्तीय ट्रेल, चेक और एटीएम निकासी सहित डिजिटल साक्ष्यों की जांच की गई।
जांच में सामने आया कि जनक नगर निवासी दीपांश बंसल के बंधन बैंक खाते में 21 अप्रैल से सात मई 2026 के बीच करीब 1.92 लाख रुपये साइबर ठगी के जरिये पहुंचे। पहली शिकायत 26 अप्रैल को कर्नाटक के नेलमंगला थाने में ट्रेडिंग फ्रॉड के संबंध में दर्ज हुई थी।
इसमें आरोपी के खाते में 1.59 लाख रुपये आए, जिन्हें उसी दिन एटीएम व अन्य माध्यमों से निकाल लिया गया। दूसरी शिकायत आठ मई 2026 को कर्नाटक के विजयपुरा सेंट्रल क्राइम थाने में शिपिंग फ्रॉड के संबंध में दर्ज हुई। इसमें आरोपी के खाते में 28,625 रुपये आए।
आरोपी दीपांश बंसल के खिलाफ थाना जनकपुरी में प्राथमिकी दर्ज कराई गई।