समाधान योजना में पंजीकरण कराकर भूल गए उपभोक्ता
सहारनपुर। ग्रामीण क्षेत्र के विद्युत उपभोक्ताओं के लिए लागू हुई एकमुश्त समाधान योजना में जितने उपभोक्ताओं ने पंजीकरण कराया। उतनी संख्या में बकाया जमा कराकर योजना का लाभ नहीं लिया गया। करीब 45 प्रतिशत उपभोक्ताओं ने बकाया बिल जमा नहीं कराया है, जबकि 31 मार्च के बाद इसका लाभ नहीं मिल सकेगा।
अधिशासी अभियंता अभिषेक कुमार ने बताया कि एकमुश्त समाधान योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्र के उपभोक्ताओं को सरचार्ज छूट का लाभ मिलना है। जनपद के 71,616 उपभोक्ताओं ने योजना में पंजीकरण कराया था। लेकिन इनमें से 39,332 उपभोक्ताओं ने ही धनराशि जमा कराकर योजना का लाभ लिया है। इनके अलावा 32,284 उपभोक्ता अभी तक बकाया बिल जमा कराकर सरचार्ज में मिलने वाली छूट का लाभ नहीं ले पाए हैं। उन्होंने बताया कि 31 मार्च तक यदि समाधान योजना में उपभोक्ताओं द्वारा बकाया बिल जमा नहीं कराया जाएगा तो उसके बाद पंजीकरण कराने वालों को इसका लाभ नहीं मिल सकेगा। इसके बाद बकाया भुगतान की वसूली के लिए कार्रवाई की जाएगी।