लखनौती (सहारनपुर)। गांव शकरपुर में मकान का लिंटर गिरने से एक राजमिस्त्री की मौत हो गई, जबकि उसका दूसरा साथी घायल हो गया। घायल को सीएचसी में भर्ती कराया गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भर कर पीएम के लिए भेज दिया है।
गंगोह कोतवाली क्षेत्र के गांव शकरपुर निवासी धनीराम ने नीचे में आए मकानों का लिंटर ऊपर उठाने के लिए नकुड कोतवाली क्षेत्र के गांव सिरसका निवासी राजमिस्त्रियों को ठेका दे रखा था। बृहस्पतिवार को राजमिस्त्री जैक की मदद से लिंटर को ऊपर उठाने का काम कर रहे थे तभी एक जैक स्लिप हो गया। इससे लिंटर नीचे गिर गया और राजमिस्त्री सुशील कुमार (40) और उसका साथी रोहित (33) उसके नीचे दब गए। ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस की डायल 100 पर दी। सूचना मिलते ही डायल 100 की तीनों गाड़ियां और कोतवाली प्रभारी अरुण कुमार मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों और पुलिस ने जैक की मदद से दोनों राजमिस्त्रियों को बाहर निकाला। आनन फानन में घायलों को गंगोह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। जहां पर चिकित्सकों ने सुशील कुमार को मृत घोषित कर दिया, जबकि रोहित का उपचार किया जा रहा है। पुलिस ने परिजनों के आने पर मृतक का शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि यदि तहरीर आती है तो कार्रवाई की जाएगी।