पुरानी पेंशन बहाली के लिए कर्मचारियों ने भरी हुंकार
सहारनपुर। पुरानी पेंशन बहाली के लिए शिक्षकों और कर्मचारियों ने हुंकार भरी। हकीकत नगर स्थित रामलीला मैदान पर इकट्ठा हुए शिक्षकों और कर्मचारियों ने सरकार पर भेदभाव की नीति अपनाने का आरोप लगाया। वक्ताओं ने पेंशन को सरकारी कर्मचारियों का अधिकार बताते हुए हर हाल में हासिल करने की बात कही।
कर्मचारी, शिक्षक, अधिकारी पुरानी पेंशन बहाली मंच के अध्यक्ष संदीप सिंह पंवार और संयोजक सीपी सिंह ने कहा कि 35 से 40 साल सेे काम करने वाले सरकारी कर्मियों की पेंशन बंद कर दी गई है, जबकि शपथ ग्रहण करते ही सांसद और विधायकों की पेंशन पक्की हो जाती है। यह सरकार की दोहरी नीति है। उन्होंने कहा कि पेंशन कर्मचारी के बुढ़ापे का सहारा होती है, जिसे सरकार ने छीना है। मगर कर्मचारी अपनी मांग मनवाकर ही रहेगा। पेंशन सरकारी कर्मचारियों का अधिकार है, जिसे वह हर हाल में लेकर रहेंगे। इसके लिए जो भी आंदोलन करना पड़ा करेंगे। वक्ताओं ने 28 जनवरी की शाम मशाल जुलूस निकालने और छह से 12 फरवरी तक कार्य बहिष्कार कर हड़ताल पर रहने का चेतावनी दी। धरने में अशोक कुमार, संजय सैनी, ओपी कांबोज, सुधीर ठाकुर, तालिब हसन, राजीव यादव, नीरज सैनी, संजीत अग्निहोत्री, वीके जैन, राकेश कश्यप, सुनील पंवार, प्रमेश, बिजेंद्र, संजय कुमार, सुभाष पंवार, अमरपाल सिंह, योगिता पालीवाल, रूबी, विजयपाल, केपी सिंह, नेत्रपाल सिंह, सुशील चंद, अमित आदि शामिल रहे।