सहारनपुर। लगातार बढ़ती सर्दी ने जन-जीवन को प्रभावित कर दिया है। सुबह कोहरे द के बाद चली शीतलहर ने कंपकंपी पैदा कर दी। पूर्वाह्न 11 बजे तक कोहरे का असर रहा। इसके बाद हल्की धूप निकली, लेकिन राहत नहीं मिली। वहीं, कोहरे की वजह से ट्रेनें देरी से पहुंच रही हैं, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
बुधवार को न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस और अधिकतम 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह के समय आसमान पर कोहरा छाया रहा, जिस कारण सड़क पर वाहन रेंगते हुए नजर आए। दस बजे के बाद से कोहरा हटा तो शीतलहर ने लोगों के हाड़ कंपा दिए। दिन में हल्की धूप निकली, लेकिन सर्दी अत्यधिक होने की वजह से लोगों को दिन में ही अलाव का सहारा लेना पड़ा। शहर में तो कोहरा हट गया, लेकिन देहात क्षेत्रों में कोहरा छाया। शहर में रात आठ बजे बाद फिर कोहरा छा गया, जिससे रात के समय सड़कों पर वाहन रेंगते हुए नजर आए।
उधर, कोहरे की वजह से कई ट्रेनें घंटो देरी से रेलवे स्टेशन पर पहुंची, जिससे यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी। वहीं, मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में कोहरा अत्यधिक छाएगा और तापमान में और गिरावट दर्ज की जाएगी। सर्दी के चलते स्कूली बच्चों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
दिन में इंडीकेटर और लाइट का इस्तेमाल
बुधवार को पूर्वाह्न करीब 11 बजे तक भी कोहरा रहा। इस वजह से मुख्य मार्गों में दिल्ली-सहारनपुर हाईवे, अंबाला हाईवे, सहारनपुर-देहरादून मार्ग पर वाहन चालकों को इंडीकेटर अथवा हेडलाइट जलाकर चलना पड़ा।