सहारनपुर। एसबीडी जिला अस्पताल के ब्लड बैंक की शिकायतें रुक नहीं रही हैं। इस बार ब्लड बैंक में अनियमितताओं की शिकायत कमिश्नर से की गई है। शिकायत लेकर पहुंचे फैमिली ऑफ ब्लड डोनर्स ट्रस्ट ने आरोपियों पर कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में अगली बार सीधे मुख्यमंत्री से शिकायत करने की बात कही है।
बुधवार को अपने साथियों के साथ शिकायत करने के लिए कमिश्नर कार्यालय पहुंचे ट्रस्ट अध्यक्ष पंकज पांचाल ने बताया कि ब्लड बैंक में एक कर्मचारी लंबे समय से खून की कालाबाजारी करता आ रहा है। इसकी शिकायत कई बार चिकित्सा अधिकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों से की जा चुकी है, मगर उसकी पैठ इतनी मजबूत है कि उक्त कर्मचारी को आज तक हटाया नहीं गया है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर उक्त कर्मचारी में ऐसे कौन से गुण हैं जो उसे बचाया जा रहा है। ट्रस्ट के संरक्षक चंद्रजीत सिंह निक्कू ने कहा कि पिछले दिनों लखनऊ में एक गैंग पकड़ा गया था, जो खून में पानी मिलाकर बेचता था। मगर सहारनपुर में उससे भी बड़ा मामला है, जिसके बावजूद अधिकारी कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। राजीव सैनी अभराज, योगेश पंवार ने कहा कि यदि उनकी सुनवाई नहीं होती है तो वह मुख्यमंत्री से शिकायत करेंगे। शिकायतकर्ताओं में तरुण भोला, पार्थ माहेश्वरी, आशीष रोहिला, सिद्घार्थ बंसल, सावेज चौधरी, विकास पंवार, अंकित यादव, विनोद चौहान, गुरमेर सिंह, परीक्षित, अमित जैन, नितिन सैनी आदि शामिल रहे।