नकुड़ (सहारनपुर)। खाद्य विभाग की टीम ने गांव मच्छरहेड़ी में छापा मारकर एक मकान से भारी मात्रा सफेद रसगुल्ले व मिल्क केक की खेप पकड़ी है। टीम ने करीब डेढ़ कुंतल सफेद रसगुल्लों को नष्ट कराकर मिल्क केक व रसगुल्ले के दो सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे हैं।
बृहस्पतिवार की दोपहर एसडीएम युगराज सिंह के निर्देश पर खाद सुरक्षा अधिकारी मनोज कुमार व इंदल यादव ने पुलिस को साथ लेकर गांव मच्छरहेड़ी निवासी आस मोहम्मद के मकान में छापामारी कर भारी मात्रा में सफेद रसगुल्ले व मिल्क केक पकड़ा है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि टीम ने मौके पर बरामद रसगुल्लों व मिल्क केक का एक-एक सैंपल जांच के लिए लिया है। जबकि बरामद करीब डेढ़ कुंतल रसगुल्लों को नष्ट करा दिया गया है। बताया कि रिपोर्ट आने पर विधि अनुसार कार्रवाई की जाएगी।