छुटमलपुर (सहारनपुर)। विकास खंड मुजफ्फराबाद में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत बुधवार को 48 जोड़ों को विवाह के बंधन में बांधा गया। यहां संपन्न कराए गए सामूहिक कार्यक्रम में एक हिन्दू और 47 मुस्लिम जोड़ों ने विवाह के बंधन में बंधकर नया जीवन शुरू करने की शपथ ली।
मुजफ्फराबाद स्थित पीसीएस शर्मा हाई स्कूल परिसर में आयोजित विवाह समारोह में खंड विकास अधिकारी मुजफ्फराबाद राहुल वर्मा, भाजपा जिला उपाध्यक्ष सोनेन्द्र राणा, सहायक विकास अधिकारी समाज कल्याण चमन सिंह राणा, अर्जुन सिंह पुंडीर, ग्राम विकास अधिकारी कमल कुमार, राजेश कांबोज, संजय कांबोज, ब्लाक कर्मचारी संजय सैनी, राजकुमार, ब्लाक अध्यक्ष प्रधान संगठन भानु प्रताप सिंह, अश्वनी सैनी, दिनेश कुमार, राजेश कुमार, मौलवी शमीम, मनोज चौधरी, स्कूल प्रबंधक डा मनोज शर्मा, चेयरमैन गौरव शर्मा सहित अनेक ग्राम प्रधान, गणमान्य लोगों ने नव दंपति को आशीर्वाद दिया। सरकार की तरफ से विवाह बंधन में बंधे जोड़ों को एक स्मार्ट फोन, बर्तन सेट, सफारी सूट, वधु का लहंगा चुनरी, शाल, चादर, चांदी की चुटकी एवं पाजेब उपहार के रुप में दी गई।