दशहरे के लिए किया शहर का यातायात परिवर्तित
सहारनपुर। दशहरे पर शुक्रवार को शहर का रूट डायवर्जन रहेगा। चौराहों के अलावा रूट डायवर्जन का पालन कराने के लिए प्रमुख स्थानों पर यातायात पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
शुक्रवार को दशहरे के मद्देनजर शहर की यातायात व्यवस्था में परिवर्तन किया गया है। रूट डायवर्जन शुक्रवार को दोपहर 12 बजे से लागू किया जाएगा। एसएसपी उपेंद्र कुमार अग्रवाल ने प्रभारी यातायात को प्रत्येक महत्वपूर्ण स्थान पर यातायात कर्मियों को नियुक्त कर समय से यातायात डायवर्जन की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने निर्देश दिए कि डायवर्जन के दौरान कोई भी भारी वाहन शहर की ओर न आने दिया जाए। कोर्ट रोड की ओर से तथा घंटाघर चौक की ओर से कोर्ट रोड पुल की ओर बस, टेंपो, मैजिक नहीं जाने दिया जाए। देहात कोतवाली की ओर से किसी भी प्रकार का भारी वाहन बेहट अड्डा की ओर नहीं आने दिया जाए। राकेश कैमिकल चौकी की ओर से किसी भी प्रकार का भारी वाहन पुरानी चुंगी की ओर नहीं आने दिया जाए।
उन्होंने देहात कोतवाली प्रभारी एवं नगर कोतवाली प्रभारी को निर्देश दिए कि दोपहर 12 बजे से पहले चेक कर लिया जाए कि बेहट अड्डा से माली गेट की ओर, बेहट अड्डा से पुरानी चुंगी की ओर तथा बेहट अड्डा से कोतवाली देहात की ओर जाने वाले मार्ग पर किसी भी प्रकार का भारी वाहन खड़ा न हो। खड़े वाहनों को 12 बजे से पूर्व हटवा दिया जाए।
कोर्ट रोड फ्लाई ओवर के बराबर में होने वाली रामलीला के कारण कोर्ट रोड पुल पर टेंपो, मैजिक का आवागमन शाम छह बजे से पूरी तरह बंद रहेगा। कोर्ट रोड पुल पर जाने वाले वाहनों को रोकने के लिये रोडवेज वर्कशाप के सामने तथा पोस्ट आफिस तिराहे पर बैरियर लगाए जाएंगे।
यह रहेगा परिवर्तित यातायात
1. सरसावा की तरफ से दिल्ली की ओर जाने वाले भारी वाहन सरसावा से नकुड, रामपुर होते हुए दिल्ली जाएंगे।
2. सरसावा से देहरादून की ओर जाने वाले भारी वाहन चिलकाना, बेहट, कलसिया, फतेहपुर होकर देहरादून जाएंगे।
3. सरसावा से दिल्ली जाने वाले छोटे वाहन एवं बसें नकुड़ तिराहे से मानकमऊ, आर्इटीसी बाईपास, हसनपुर चौक होकर दिल्ली जाएंगे।
4. सरसावा से देहरादून की ओर जाने वाले छोटे वाहन एवं बसें नकुड़ तिराहे से मानकमऊ, आर्इटीसी बाईपास, हसनपुर चौक, सिविल लाइन से सदर थाना के सामने से होकर सरकारी अस्पताल होते हुए देहरादून जाएंगे।
5. देहरादून से अंबाला की ओर जाने वाले भारी वाहन फतेहपुर से कलसिया, चिलकाना, शाहजंहापुर होकर अंबाला जाएंगे।
6. देहरादून से सरसावा की ओर जाने वाले छोटे वाहन एवं बसें गागलहेडी, देहरादून चौक, सरकारी अस्पताल चौक, पुलिस लाइन के सामने से सिविल लाइन होते हुए हसनपुर चौक, आईटीसी, नकुड़ तिराहे से होकर सरसावा जाएंगे।
7. देहरादून से दिल्ली की ओर जाने वाले भारी वाहन, ट्रक आदि गागलहेड़ी से देवबन्द, नानौता होकर दिल्ली जाएंगे।
8. देहरादून से दिल्ली की ओर जाने वाले हल्के वाहन गागलहेड़ी से अंबेडकर चौक, सरकारी अस्पताल चौक, सिविल लाइन, हसनपुर चौक होकर दिल्ली जाएंगे।
9. दिल्ली की ओर से अंबाला की ओर जाने वाले भारी वाहन (ट्रक तथा माल वाहक ट्रेक्टर ट्रालियां) नानोता से गंगोह, नकुड़, सरसावा होकर अंबाला जाएंगे।
10. दिल्ली अंबाला की ओर जाने वाले हल्के वाहन हसनपुर चुंगी से आईटीसी बाईपास होकर नकुड तिराहे से अंबाला जाएंगे।
11. दिल्ली से देहरादून की ओर जाने वाले भारी वाहन रामपुर से बड़गांव, देवबंद होकर देहरादून जाएंगे।
12. दिल्ली से देहरादून जाने वाले हल्के ञवाहन हसनपुर से सिविल लाइन, अंबेडकर चौक होते हुये देहरादून जाएंगे।
13. बेहट की ओर से अंबाला जाने वाले भारी वाहन गंदेवड़, चिलकाना, सरसावा होकर अंबाला जाएंगे।
14. बेहट की ओर से दिल्ली जाने वाले भारी वाहन गंदेवड़ से चिलकाना, सरसावा, नकुड़, गंगोह, नानौता होकर दिल्ली जाएंगे।
15. कोर्ट रोड की ओर से घंटाघर जाने के लिए कोर्ट रोड से खलासी लाइन, शारदानगर पुल से कुतुबशेर मार्ग खुला रहेगा।
16. घंटाघर की ओर से कोर्ट रोड जाने के लिए देहरादून चौक, एसबीडी चौक, विश्वकर्मा चौक, दीवानी तिराहा मार्ग प्रयोग में लाया जाएगा।