लकड़ी के कारखाने में लगी आग, लाखों का सामान जला
सहारनपुर। कुतुबशेर थाना क्षेत्र के अंबाला रोड स्थित पूर्वी यमुना नहर के पास लकड़ी के एक कारखाना में शुक्रवार की रात में शार्ट सर्किट से आग लग जाने से लाखों रुपये का सामान जल गया।
शुक्रवार की आधी रात के बाद मेंहदी सराय निवासी मोहम्मद शाहिद के अंबाला रोड स्थित पूर्वी यमुना नहर के पास लकड़ी के एक कारखाने में बिजली के शार्ट सर्किट से अचानक आग लग गई। कारखाने में आग की लपटें उठने पर लोगों को इसकी जानकारी हुई। जिस पर लोगों ने कारखाना मालिक और दमकल को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग के बढ़ते देख बेहट एवं सरसावा से भी दमकल को बुलवाया गया। मोटर पंप पूर्वी यमुना नहर में डालकर वहां से पानी लिया गया। रात लगभग 12 बजे के लगी आग को दमकल कर्मियों एवं अन्य लोगों ने लगभग पांच घंटे की मशक्कत के बाद सुबह पांच बजे काबू पाया। कारखाना मालिक मोहम्मद शाहिद के आग से कारखाने में लगी आरा मशीन, बर्फ मशीन, खराद मशीन एवं लाखों रुपये की लकड़ी एवं बना तथा अधबना सामान जलकर राख हो गया। शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है।