आज से शुरू होगी आयुष्मान भारत योजना
सहारनपुर। आम आदमी के स्वास्थ्य से जुड़ी केंद्र सरकार की आयुष्मान भारत योजना रविवार से शुरू हो रही है। जनपद में योजना का आगाज आईटीसी भवन से पूर्वाह्न 11 बजे होगा। जनपद में एक लाख 38 हजार 624 परिवार योजना से लाभान्वित होंगे।
आयुष्मान भारत योजना का लाभ सामाजिक और आर्थिक रूप से पिछड़ी जातियों (एसईसीसी) के परिवारों को मिलेगा। पात्रों का चयन 2011 की जनगणना के आधार पर किया गया है। जनपद में कुल एक लाख 38 हजार 624 परिवार चयनित हुए हैं। इन्हें पांच लाख रुपये सालाना का स्वास्थ्य बीमा लाभ होगा। यानी परिवार के किसी भी सदस्य का पांच लाख रुपये तक का इलाज मुफ्त होगा। विभागीय सूत्रों ने बताया कि कुछ ही समय पहले योजना का लाभ उठाने के लिए एक मुहिम चलाई गई थी। इसमें उन लोगों से मोबाइल नंबर, राशन कार्ड जैसे जरूरी दस्तावेज मांगे गए थे जो लोग सामाजिक-आर्थिक आधार पर पिछड़े हैं। इन सभी का आशाओं, एएनएम, सभासदों के माध्यम से सत्यापन भी कराया गया है। चयनित परिवारों के इलाज के लिए जनपद में कुल छह अस्पतालों का चयन किया गया है। इनमें जिला अस्पताल, मेडिकल कॉलेज, दो सीएचसी और दो प्राइवेट अस्पताल शामिल हैं। जनपद में योजना की शुरूआत पूर्वाह्न 11 बजे आईटीसी के भवन से होगी।
---
फार्मेसिस्ट के ट्रांसफर से बिगड़ी व्यवस्था
सहारनपुर। जिला अस्पताल से पांच फार्मेसिस्ट के ट्रांसफर कर दिए गए हैं। वर्तमान में करीब 11 फार्मेसिस्ट ही बचे हैं। इसकी वजह से अस्पताल प्रशासन के सामने काम चलाने में मुश्किल आ रही है। विभागीय सूत्रों की मानें तो जरूरत के हिसाब से अस्पताल में 25 से अधिक फार्मेसिस्ट होने चाहिएं, मगर पिछले कई साल से 16 फार्मेसिस्ट काम करते आ रहे हैं। इनमें से पांच को ट्रांसफर कर दिया गया है। ट्रांसफर किए गए फार्मेसिस्ट में अनिल कुमार, अजय वर्मा, आशुतोष, रजनी किशोर और निर्भय शामिल हैं। प्रमुख अधीक्षक चिकित्सा डॉ. सुनीत कुमार वार्ष्णेय ने बताया कि फार्मेसिस्ट की कमी की वजह से कार्य प्रभावित हो रहे हैं। इस संबंध में शासन को पत्र लिखेंगे।