सहारनपुर। बहन-भाई के प्रेम के त्योहार रक्षाबंधन पर बाजार गुलजार हो गए हैं। बहनें अपने भाईयों के लिए रंग-बिरंगी राखी और रेशमी धागे खरीद रही हैं।
रक्षाबंधन 26 अगस्त को मनाया जाएगा। इन दिनों शहर के प्रमुख बाजार रंग-बिरंगी राखियों से सज हुए हैं। कोर्ट रोड, नखासा बाजार, नया बाजार, शहीदगंज बाजार, चौकी सराय, गुच्छा मार्केट, हकीकतनगर, खलासी लाइन सहित मुख्य बाजारों में दुकानों पर बहने अपने भाईयों के लिए सुंदर-सुंदर राखियां खरीद रही हैं। बाजार में परंपरागत राखियों के अलावा चंदन, चांदी, स्टोन, जर्किंग, कुंदन, शंख, रुद्राक्ष, मोती और म्यूजिकल राखियों की धूम है। इन राखियों की कीमत 20 से 500 रुपये तक हैं। शहीद गंज के व्यापारी अनिल मित्तल ने बताया चांदी और चंदन वाले धागों को ज्यादा पसंद किया जा रहा है। इसके साथ अलावा रंग-बिरंगे रेशमी धागों को भी जमकर बिक्री हो रही है।
आर्डर पर बनाई जा रही राखियां
सहारनपुर। चांदी की राखियों की मांग को देखते हुए आर्डर पर राखियां बनाई जा रही हैं। बाजार में चांदी की जो राखी उपलब्ध है, उसकी कीमत 100 से 500 रुपये तक है, लेकिन इससे अधिक कीमत की राखियों को सराफा व्यापारी आर्डर पर बना रहे हैं। सराफा बाजार के व्यापारी राम राजीव सिंघल ने बताया कि 100 से 500 रुपये तक कीमत की राखियां तो पहले से ही तैयार कराई जा चुकी हैं, लेकिन इससे अधिक कीमत की राखियों को आर्डर पर बनाया जा रहा है। चंदनयुक्त चांदी के ब्रेसलैट की मांगा ज्यादा है, जो आर्डर पर बनाए जा रहे हैं।
बच्चों में कार्टून वाली राखी का क्रेज
सहारनपुर। बच्चों में कार्टून वाली राखी का ज्यादा क्रेज है। बच्चों को लुभाने के लिए रंग-बिरंगी लाइटों वाली राखियां भी मार्केट में मौजूद है, जिन पर लाइटों के साथ टेडी बीयर और अन्य कार्टून बनाए गए हैं, जिनको लेकर बच्चे अत्यधिक उत्साहित हैं। कोर्ट रोड के कारोबारी रजनीश कालरा ने बताया कि विभिन्न प्रकार की कार्टून वाली राखियां बाजार में आई हैं, जिनकी जमकर खरीददारी हो रही है। कार्टून वाली राखी पचास से 300 रुपये तक की है।
घेवर के साथ कई तरह की मिठाई कराई जा रही तैयार
सहारनपुर। रक्षा बंधन के लिए मिठाई में घेवर की सबसे ज्यादा मांग है। इसके साथ ही मिठाई कारोबारियों द्वारा मूंग की दाल, चॉकलेट, काजू की बर्फी सहित अन्य मेवों को मिलाकर मिठाइयां बनवाई जा रही हैं, जिसके लिए लोगों ने आर्डर भी बुक कराएं है। कोर्ट रोड के मिठाई कारोबारी राजेश खुराना ने बताया कि विभिन्न प्रकार की मिठाइयों के आर्डर बुक किए जा रहे हैं, लेकिन गिफ्ट पैक को भी लोग खूब पसंद कर रहे हैं। गिफ्ट पैक में चाकलेट, पेयपदार्थ, गजक और ड्राई फूट शामिल हैं, जिसकी कीमत 500 से दो हजार रुपये तक है।