सहारनपुर। हाईकोर्ट के आदेश पर अवैध खनन की जांच को आई सीबीआई टीम मंगलवार को भी साक्ष्यों के संकलन में जुटी रही। शिकायतकर्ताओं के साथ लंबी मंत्रणा कर वीडियो में नजर आ रहे लोगों के बारे में जानकारी जुटाई। सूत्रों का दावा है कि सीबीआई एक दो दिन में केस से जुड़े पूर्व विधायक हाजी इकबाल और अन्य लोगों को पूछताछ के लिए बुला सकती है।
2016 में एनजीटी द्वारा खनन पर रोक लगाने के बाद जिले में धड़ल्ले से अवैध खनन चलता रहा। इस मामले में कई स्तर से अवैध खनन की वीडियोग्राफी कराने के साथ दस्तावेजी साक्ष्य के साथ हाईकोर्ट में शिकायत की गई थी। हाईकोर्ट ने सीबीआई जांच के आदेश दिए थे। इसी परिप्रेक्ष्य में सीबीआई टीम सोमवार को सहारनपुर पहुंच गई। सीबीआई टीम ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ पूरे प्रकरण को लेकर चर्चा की। सूत्रों के अनुसार सीबीआई ने मंगलवार को शिकायतकर्ताओं से लंबी बातचीत की। हाईकोर्ट को उपलब्ध कराई गई वीडियो फुटेज को लेकर भी चर्चा हुई। फुटेज में अवैध खनन करते नजर आ रहे लोगों के बारे में जानकारी ली गई। सूत्रों का कहना है कि केस से जुड़े कई लोगों को सीबीआई पूछताछ के लिए बुला सकती है। इनमें पूर्व विधायक हाजी इकबाल और उनसे जुड़े लोग प्रमुख रूप से शामिल है।
न्यायिक हिरासत में जावेद को भेजा जेल
सहारनपुर। गैंगस्टर एक्ट में पकड़े गए पूर्व विधायक हाजी इकबाल के बेटे जावेद को पुलिस ने मंगलवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
मिर्जापुर पुलिस ने जमीन पर अवैध कब्जों को आधार बनाकर पूर्व विधायक हाजी इकबाल, बेटे जावेद, वाजिद और छोटे भाई एमएलसी महमूद अली के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया था। सोमवार को पुलिस ने इकबाल के बेटे जावेद को गिरफ्तार कर लिया था। जावेद को मिर्जापुर से लाकर सदर कोतवाली में रखा गया था। पुलिस ने मंगलवार को जावेद को गैंगस्टर कोर्ट में पेश किया, जहां से जावेद को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।