देवबंद (सहारनपुर)। तलहेड़ी बुजुर्ग में सहारनपुर-मुजफ्फरनगर हाईवे पर मंगलवार को बोलेरो गाड़ी की टक्कर से बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें 108 एंबुलेंस गाड़ी से उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
हादसा तलहेड़ी बुजुर्ग में पेट्रोल पंप के समीप हुआ है। बाइक संख्या यूपी 11बीजे-6251 पर सवार दो युवक पेट्रोल पंप से पेट्रोल डलवाकर जैसे ही सड़क पर चढ़ने लगे उसी दौरान देवबंद की तरफ से आ रही हिमाचल प्रदेश की बोलेरो गाड़ी से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर दूर जाकर गिरे। जिससे घटनास्थल पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई, लेकिन दोनों युवकों के बेहोशी की हालत में होने के कारण उनके नाम पर पता नहीं चल सका। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची तथा 108 एंबुलेंस की मदद से दोनों घायल युवकों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भेजा गया। पुलिस के मुताबिक बाइक सवार कहां के थे और किस जगह जा रहे थे इसकी जानकारी नहीं मिल सकी है।